chambaHimachal Pradesh

जिला चंबा मुख्यालय के साथ लगती पंचायतों में दो कार दुर्घटनाओं में चार युवाओं की मौत

Spread the love

संवाददाता विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे,

चंबा। जिला मुख्यालय के साथ लगती पंचायतों में दो कार दुर्घटनाओं में चार युवाओं की मौत हो गई। जबकि, दो युवा इन घटनाओं में गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इसमें एक युवक को उपचार के लिए चंबा से टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर रात को मेडिकल कॉलेज के नए भवन सरोल के मुख्य द्वार के पास एक थार सड़क से 200 फुट खाई में जा गिरी। इसमें दो युवाओं की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। तीनों युवक आपस में काफी अच्छे दोस्त थे। जोकि शुक्रवार की रात को परेल पुल में एक साथ मिलकर दोस्ती का जश्न मना रहे थे। जैसे ही तीनों वहां से अपनी थार में सवार होकर निकले तो एक मोड़ पार करते ही उनकी गाडी सीधे खाई में जा गिरी। वहां से गुजर रहे किसी व्यक्ति ने कार को खाई में गिरता देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पाते ही पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई। जहां पर दिव्यांशु पुत्र संतोष कुमार निवासी गांव भगवानपुरा डाकघर सरोल और जांदू निवासी राजस्थान की मौके पर मौत हो चुकी थी। जबकि, दिव्यम पुत्र अजय कुमार निवासी सरोल घायल पड़ा था। जिसे एंबूलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया गया। शनिवार को मृतकों के शवों के पोस्ट मार्टम करवाकर परिजनों के स्पुर्द किए गए।

वहीं, शनिवार शाम के समय सिढ़कुंड लिंक मार्ग पर कार दुर्घटना हो गई। इसमें दो युवकों की मौत हो गई। जबकि, एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों की पहचान योगेश कुमार पुत्र पवन कुमार निवासी सिढ़कुंड और अखिलेश पुत्र दलीप सिंह निवासी मुचियाड़ी डाकघर हरदासपुरा के रूप में हुई है। जबकि घायल की पहचान अनमोल पुत्र गणेश ज्योति निवासी सिढ़कुंड के रूप में हुई है। जिसे चंबा में प्राथमिक उपचार के बाद टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने बताया कि दोनों दुर्घटनाओं के कारणों का पता लगाने के लिए जांच कर रही है।