chambaHimachal Pradesh

चंबा से जम्मू के डोडा तक आज से दौड़ेगी एचआरटीसी बस

Spread the love

संवाददाता विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे,

चंबा। चंबा से पड़ोसी राज्य जम्मू के डोडा तक हिमाचल पथ परिवहन निगम के चंबा डिपो की सरकारी बस मंगलवार से दौड़ेगी। चंबा से डोडा के लिए चलने वाली 37 सीटर सरकारी बस का चंबा से डोडा वाया पदधरी जोत भद्रवाह रूट रहेगा।
सरकारी बस सेवा शुरू होने से दो राज्यों के लोगों को आवाजाही करने के लिए अब वाया हिमाचल वाया पंजाब होकर नहीं जाना पड़ेगा। आगामी समय में लोगों को इसका भरपूर लाभ मिलेगा।
पवित्र मणिमहेश यात्रा के दौरान पड़ोसी राज्य जम्मू के विभिन्न जिलों से छड़ियां लेकर सैकड़ों शिव भक्त पैदल ही वाया लंगेरा होते हुए चंबा में प्रवेश करते हैं। भगवान शंकर के प्रति श्रद्धा रखने वाले पड़ोसी राज्यों के भक्त हर बार अपने बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं के साथ पैदल या छोटे वाहनों के जरिये यात्रा करते हैं। पड़ोसी राज्य जम्मू समेत चंबा जिले के लोग भी कई बार सरकार, प्रशासन और संबंधित विभागों से चंबा से डोडा वाया पदधरी जोत भद्रवाह के लिए सरकारी बस सेवा शुरू करने की मांग उठाते रहे हैं। ऐसे में आखिरकार परिवहन निगम की ओर से रूट की अनुमति के लिए उच्चाधिकारियों से आग्रह किया। बस सेवा के लिए रूट मिलने के बाद बसों और चालक-परिचालकों की कमी के चलते बस रूट करने में निगम प्रबंधन असमर्थ नजर आता दिखा। आखिरकार अब एचआरटीसी प्रबंधन की ओर से आज से रूट पर बस सेवा को शुरू करवाया जा रहा है। बस सेवा शुरू होने से दो राज्यों के लोगों को लाभ मिलेगा।

एचआरटीसी चंबा डिपो के आरएम शुगल सिंह ने बताया कि चंबा से डोडा वाया पदधरी जोत भद्रवाह के लिए सरकारी बस सेवा को आरंभ किया जाएगा। बस सेवा आरंभ होने से लोगों को लाभ मिलेगा।