Cabinet Meeting: सरकारी स्कूलों में अब स्पेशल एजुकेटर
पटवारी कैडर बदलने पर कैबिनेट लेगी फैसला, शिक्षकों को रेगुलर करने पर भी चर्चा
विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे,
12 जुलाई को होने वाली कैबिनेट की बैठक के लिए राज्य सचिवालय में तैयारी शुरू हो गई है। इस बैठक में शिक्षा विभाग से संबंधित तीन मामले जा रहे हैं। स्पेशल एजुकेटर के 245 पद भरने का मामला पहली बार भेजा जा रहा है, जबकि एजुकेशन गारंटी स्कीम के तहत रखे गए शिक्षकों को रेगुलर करने का मामला भी कैबिनेट के सामने रखा जाएगा। डीपीई को फिजिकल एजुकेशन लेक्चरर का दर्जा दिए जाने के लिए भर्ती नियमों में बदलाव का मामला भी कैबिनेट में रखा जा रहा है। राजस्व विभाग में पटवारी को अब स्टेट कैडर में डाला जा सकता है। जेबीटी और टीजीटी की बैचवाइज भर्तियों और पुलिस भर्ती के रूल्स को लेकर भी चर्चा संभव है। जूनियर ऑफिस असिस्टेंट पोस्ट कोड 903 और 939 का रिजल्ट घोषित करने का मामला भी कैबिनेट के सामने रखा जा रहा है। इसे कैबिनेट सब कमेटी ने क्लियर कर दिया था, लेकिन मिनट्स साइन न होने के कारण पिछली कैबिनेट से यह छूट गया था।
कैबिनेट की बैठक में पर्यटन विभाग की तरफ से एक रोप-वे का मामला भी जाने की संभावना है। जानकारी के अनुसार बहु प्रतिक्षित आदि हिमानी-चामुडा रोप-वे को लेकर कुछ विवाद चल रहा था। जिस निजी कंपनी के साथ इसे लेकर करार हुआ था, उस कंपनी के साथ अब बातचीत कर आगे का रास्ता निकाला जा रहा है। पर्यटन विभाग की तरफ से इसमें एक प्रस्ताव कैबिनेट को जाएगा, जिसमें कंपनी के साथ करार को आगे बढ़ाने के लिए रियायतें दी जा सकती हैं।
कांगड़ा एयरपोर्ट भूमि अधिग्रहण पर भी होगा फैसला
मंत्रिमंडल की इस बैठक में कांगड़ा के गग्गल एयरपोर्ट से जुड़ा मसला भी जाने वाला है। काफी समय से भू अधिग्रहण अधिनियम के तहत धारा 15 (2) की नोटिफिकेशन नहीं हो पाई थी, जिसमें रिलीफ एंड रिहैबिलिटेशन प्लान पर आगे काम किया जाएगा। यहां पर कितने लोगों को बसाया जाना है और उनको बसाने के लिए किस तरह की व्यवस्थाएं की जा रही हैं, उससे जुड़ा यह मसला है। सरकार को यहां पर जिस जमीन की जरूरत है, उसको अधिसूचित किया गया है और प्रभावितों को राहत देने को लेकर एक नई अधिसूचना निकलेगी, जिस पर कैबिनेट से मंजूरी मांगी जा रही है। डीसी कांगड़ा की तरफ से इसका प्रस्ताव सरकार को आ गया है।
