Himachal PradeshKangra

नगरोटा बगवां के ट्रांसपोर्टर से पौने 14 करोड़ की महाठगी

Spread the love

मुंबई के आरोपी ने फ्रूट ट्रेडिंग कंपनी में 60 फीसदी हिस्सा देने के नाम पर लगाया चूना

संदीप भारद्वाज ट्राइबल टुडे,

जिला कांगड़ा के तहत नगरोटा बगवां में पौने 14 करोड़ की बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। मामले में मुंबई के आरोपी को चंडीगढ़ से हिरासत में लिया गया है। आरोपी ने फ्रूट ट्रेडिंग कंपनी में 60 फीसदी हिस्सा देने की बात पर करोड़ों रुपए की लूट की है। इतना ही नहीं, पीडि़त ने लोन लेकर कंपनी में निवेश किया, जबकि सात साल में कोई भी रिटर्न न मिलने पर बड़ी ठगी का एहसास हुआ। नगरोटा बगवां पुलिस ने करोड़ों रुपए की ठगी के आरोपी को चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया है। आरोपी नगरोटा बगवां के व्यक्ति को 13.85 करोड़ रुपए की चपत लगाई थी। पीडि़त ने करीब 11 माह में विभिन्न बैंकों से लोन लेकर आरोपी को राशि दी थी, लेकिन सात साल तक कोई रिटर्न न आने पर व्यक्ति को ठगी का एहसास हुआ, जिस पर उसने नगरोटा बगवां थाना में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए नगरोटा बगवां पुलिस ने आरोपी को चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 38 वर्षीय सर्वदमन सिंह सिसोदिया के रूप में हुई है, जो बांद्रा, मुंबई का रहने वाला है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी ने नगरोटा बगवां के एक ट्रांसपोर्टर को एक फ्रूट ट्रेडिंग कंपनी बनाने का झांसा दिया था, जिसमें ट्रांसपोर्टर को 60 प्रतिशत हिस्सेदारी देने की पेशकश की गई थी। जिस पर ट्रांसपोर्टर ने विभिन्न बैंकों से लोन लेकर 10 से 11 महीने में करीब 13.85 करोड़ रुपए निवेश किए। उसे उम्मीद थी कि इतनी बड़ी रकम निवेश करने पर रिटर्न आएगा, लेकिन सात साल तक ट्रांसपोर्टर को कोई रिटर्न न आने पर उसे ठगी का एहसास हुआ और उसने नगरोटा बगवां थाना में शिकायत दर्ज करवाई थी। उधर, एएसपी कांगड़ा बीर बहादुर ने पुष्टि करते हुए बताया कि ट्रांसपोर्टर कि शिकायत पर पुलिस ने एक टीम गठित की थी। टीम द्वारा आरोपी की तलाश की जा रही थी, जिसे चंडीगढ़ के एक अस्पताल से गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया। गुरुवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। डीएसपी कांगड़ा अमित शर्मा ने बताया कि आरोपी पर धारा 420, 417, 120बी के तहत कार्रवाई की जा रही है।