National

अनंत-राधिका को आशीर्वाद देने पहुंचे पीएम मोदी, नवविवाहित जोड़े ने छुए पैर

Spread the love

शाही शादी में देश-विदेश से हजारों मेहमान पहुंचे; मुकेश अंबानी बोले, दोनों अब सात जन्म के साथी बन गए

संदीप भारद्वाज ट्राइबल टुडे,

अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट की शादी के बाद आशीर्वाद देने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी पहुंचे। इस दौरान अनंत और राधिका ने पीएम मोदी के पैर छुए। मोदी ने भी वहां बैठे शंकराचार्य को प्रणाम किया। मुकेश अंबानी के बड़े बेटे आकाश और बेटी ईशा पीएम मोदी के साथ बैठे दिखाई दिए। इससे पहले पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद भी सेरेमनी में शामिल हुए। अनंत-राधिका की शादी 12 जुलाई को हुई थी। अनंत-राधिका शुक्रवार को भव्य समारोह में परिणय सूत्र में बंधे थे। एक तरफ जहां अनंत अंबानी एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति मुकेश अंबानी के बेटे हैं, वहीं राधिका दवा जगत के दिग्गज उद्योगपति वीरेन मर्चेंट की बेटी हैं। इस भव्य विवाह समारोह में देश-विदेश के हजारों मेहमान शामिल हुए। पीएम की मौजूदगी में मुकेश अंबानी ने कहा कि अनंत और राधिका सात जन्म के साथी बन गए हैं।

हिंदी व दक्षिण भारतीय सिनेमा जगत, हॉलीवुड की हस्तियों और देश के लगभग सभी टॉप क्रिकेटर्स पहुचे थे। साथ ही, राजनीतिक क्षेत्र की कई हस्तियां भी नए जोड़े को आशीर्वाद देने पहुंचीं। अनंत-राधिका के विवाह में शामिल होने वाले देश के शीर्ष विपक्षी नेताओं में तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख व पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, राष्ट्रीय जनता दल के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और उनके पुत्र व बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव शामिल थे। शिवसेना (यूबीटी) नेता व महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और राष्ट्रवादी कांग्रेस (शरद पवार) पार्टी की वरिष्ठ नेता सुप्रिया सुले भी विवाह में मौजूद रहीं। अनंत-राधिका की शादी में कांग्रेस नेता व मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, आनंद शर्मा, अजय माकन, सलमान खुर्शीद, अभिषेक मनु सिंघवी और राजीव शुक्ला सहित कांग्रेस पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।