हार पर कहां रह गई कमी, भाजपा इस दिन करेगी मंथन
उपचुनावों में मिली हार पर ऊना में 18 और 19 जुलाई को होगी बैठक, जेपी नड्डा विशेष रूप से करेंगे शिरकत
संदीप भारद्वाज ट्राइबल टुडे,
भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश इकाई की दो दिवसीय विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति बैठक 18 व 19 जुलाई 2024 को ऊना में संपन्न होगी। हाल ही में संपन्न हुए लोकसभा के आम चुनावों व नौ विधानसभा क्षेत्र में हुए उपचुनावों के बाद भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डा. राजीव बिंदल की अध्यक्षता में होने वाली यह बैठक काफी अहम मानी जा रही है। प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा विशेष रूप से शिरकत करेंगे। वहीं केंद्रीय आवास, शहरी विकास व ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर भी पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं को आवश्यक टिप्स देंगे। भाजपा ने लोकसभा चुनावों में लगातार तीसरी बार प्रदेश में क्लीन स्वीप करते हुए चारों सीटों पर जीत दर्ज की है। वहीं प्रदेश में नौ विधानसभा सीटों के लिए हुए उपचुनावों में भी भाजपा ने तीन सीटें जीतकर विधानसभा में अपनी सदस्य संख्या को 25 से बढ़ाकर 28 कर लिया है। बैठक में चुनाव परिणामों की समीक्षा होगी,वहीं भविष्य के लिए भी रणनीति पर चर्चा होगी।
बैठक में विधानसभा उपचुनावों में नौ में से छह सीटों पर मिली हार पर विशेष मंथन हो सकता है। दो दिवसीय विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के पहले दिन 18 जुलाई को सायं 4 बजे जिला भाजपा कार्यालय में प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक होगी। इसमें प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी के समस्त पदाधिकारीगण,कोर कमेटी के सदस्यगण, संसदीय क्षेत्रों के प्रभारी व सह-प्रभारी,पार्टी के सभी मोर्चो के प्रदेश अध्यक्ष तथा आईटी व सोशल मीडिया विभाग के प्रदेश संयोजक शामिल होंगे। भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक 19 जुलाई को सुबह नौ बजे पार्टी कार्यालय के समीप स्थित होटल रायल कैसल में आयोजित होगी।
तैयारियां शुरू
बैठक के सफल आयोजन के लिए भाजपा ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसके लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है। भाजपा के जिलाध्यक्ष व पूर्व विधायक बलबीर चौधरी ने कहा कि भाजपा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की बैठक
18 व 19 जुलाई को ऊना में संपन्न होगी।
