धर्मशाला में बनेगा इंटरनेशनल फुटबाल स्टेडियम
साई चंडीगढ़ को फिजिबिलिटी रिपोर्ट भेज मांगी अप्रूवल, 107 वाय 70 मीटर एरिया पर होगा काम
विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे,
धर्मशाला के चरान में अंतरराष्ट्रीय स्टैंडर्ड का फुटबाल स्टेडियम बनाया जाएगा। इसके लिए फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार कर साई चंडीगढ़ को भेजी गई है। अब साई से अप्रूवल मिलना बाकी है। चरान में निर्माणाधीन स्टेडियम को अब 107 वाय 70 मीटर के हिसाब से बनाया जाएगा। स्टेडियम की प्ले फील्ड, पैवेलियन, ग्रीन ग्रास एरिया और सिटिंग कैपेस्टिी को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार, बनाने का प्रोपोजल बनाया गया है। इससे यहां फुटबाल के भी इंटरनेशनल मैच खेले जा सकेंगे। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला के साथ ही अब चरान में निर्माणाधीन 98 वाय 52 के छोटे स्टेडियम को अंतरराष्ट्रीय स्टैंडर्ड का किया जा रहा है। फुटबाल स्टेडियम को स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट धर्मशाला द्वारा बनाया जा रहा है।
पूर्व निर्धारित भूमि पर निर्माण न होने के बाद इसे चरान खड्ड के निकट खाली पड़ी भूमि में बनाने का काम शुरू कर दिया गया और भूमि कम होने के साथ में खड्ड होने और अन्य कारणों से यहां अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम के बजाए छोटे स्टेडियम का निर्माण कर दिया गया। यह स्टेडियम विवादों में भी रहा। स्थानीय विधायक सुधीर शर्मा ने इसके निर्माण को लेकर सवाल खड़े करते हुए इसकी विजिलेंस शिकायत भी की थी, लेकिन अब स्मार्टसिटी मिशन के एमडी जफर इकबाल ने इस स्टेडियम को अंतरराष्ट्रीय मानकों अनुसार बनाने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। इसके लिए बीओडी ने भी सहमति दे दी है।
काम आगे बढ़ाया जा रहा
स्मार्ट सिटी परियोजना में कार्यरत एसडीओ केवल शर्मा का कहना है कि स्टेडियम निर्माण के लिए सभी तकनीकी पहलुओं को देखते हुए काम आगे बढ़ाया जा रहा है। स्टेडियम में ग्रीन ग्रास लगाने से लेकर एरिया बढ़ाने तक हर पहलू को देखा जा रहा है।
खिलाडिय़ों को मिलेगी हर सुविधा
उधर, स्मार्ट सिटी परियोजना के एमडी व नगर निगम धर्मशाला के कमीशनर जफर इकबाल का कहना है कि निर्माणाधीन स्टेडियम को अंतरराष्ट्रीय स्टैंडर्ड के साइज और अन्य सुविधाएं मुहैया करवाने के लिए फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार कर साई चंडीगढ़ से अप्रूवल ली जा रही है। यहां खिलाडिय़ों को सभी सुविधाएं मिलें, इस दिशा में प्रयास चल रहे हैं
