International

इजरायल-ईरान बड़ी जंग की ओर, भारत अलर्ट

Spread the love

एयर इंडिया ने तेल अवीव की सारी उड़ानें रद्द कीं; अमरीका भी कूदा, सेना तैनात करने की तैयारी

इजरायल के हमास नेता इस्माइल हनीयेह के मारे जाने के बाद अरब देशों और इजरायल के बीच तनातनी बढ़ गई है। दोनों देशों में बड़ी जंग कर खतरा पैदा ही गया है। इजरायल और ईरान के बीच बढ़े तनाव का असर भारत तक दिखने लगा है। एयर इंडिया ने इजरायल के लिए अपनी सभी फ्लाइट्स को कैंसिल कर दिया है। शुक्रवार को एयर इंडिया ने बताया कि उसने आठ अगस्त तक के लिए अपनी सभी उड़ानों को रद्द कर दिया है, जो तेल अवीव जानी थीं। एयर इंडिया ने बयान जारी कर बताया कि मिडल ईस्ट में जैसी स्थितियां हैं, उसे देखते हुए हमने तत्काल प्रभाव से तेल अवीव के लिए उड़ानों को रद्द कर दिया है। उधर, अमरीकी ने भी सेना को तैनात करने की बात कही है। अमरीकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा है कि अमरीका इजरायल को ईरान और उसके समर्थित गुटों के हमलों से बचाने के लिए इस क्षेत्र में एक बार फिर अपने सैनिक तैनात करेगा। साथ ही बाइडेन ने क्षेत्रीय तनाव को कम करने और गाजा में युद्ध विराम का भी अनुरोध किया है। यह टिप्पणी इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ फोन कॉल के बाद आई है।

व्हाइट हाउस ने बताया है कि बाइडेन और नेतन्याहू ने बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन सहित खतरों को देखते हुए इजरायल के मदद के बारे में बात की। इसमें अमरीकी सेना को तैनात करने की भी बात की गई। इसी बीच इजरायली हमले में मारे गए हिजबुल्लाह के टॉप कमांडर फौद शोकोर की मौत के बाद लेबनानी आतंकवादी समूह हिजबुल्लाह बौखला गया है। हिजबुल्लाह ने गुरुवार देर रात दक्षिणी लेबनान पर हवाई हमले के जवाब में इजरायली स्थलों पर दर्जनों रॉकेट हमले किए, जिसमें चार सीरियाई मारे गए। उधर, हिजबुल्लाह की तरफ से किए गए रॉकेट हमलों का इजराइल की तरफ से भी माकूल जवाब दिया गया। इजरायली सेना ने भी जवाबी कार्रवाई में दक्षिणी लेबनान में हिजबुल्लाह के रॉकेट लांचर पर हमला किया, जिसका इस्तेमाल पश्चिमी गैलिली पर बमबारी के लिए किया जा रहा था। सेना ने कहा कि हमले में दागे गए कई रॉकेटों हवा में ही नष्ट कर दिया गया, जबकि कई खुले क्षेत्र में जा गिरे।

दोहा में दफनाया हमास चीफ इस्माइल हनीयेह

दोहा। तेहरान में अपने आवास पर संदिग्ध इजरायली हमले में मारे गए हमास के राजनीतिक नेता इस्माइल हनीयेह शुक्रवार को दोहा में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। हनीयेह के शव को गुरुवार को कतर की राजधानी में स्थानांतरित कर दिया गया था, जहां नागरिकों, फिलिस्तीनी गुटों और अरब और इस्लामी राज्यों के प्रतिनिधियों की भागीदारी के साथ अंतिम संस्कार प्रार्थना और समारोह आयोजित किया गया। इसके बाद उन्हें लुसैल शहर के एक कब्रिस्तान में दफनाया गया।

हमास कमांडर के लिए नमाज और झंडे भी झुकाए, पाकिस्तान से तुर्की तक इस्लामिक देशों में शोक

इस्लामाबाद, अंकारा। हमास के टॉप कमांडर इस्माइल हनीयेह, हमास के मिलिट्री चीफ मोहम्मद डीफ और हिजबुल्लाह के नेता फौद शोकोर की मौत पर इस्लामिक देशों में गुस्सा है और शोक की लहर है। पाकिस्तान, तुर्की, इंडोनेशिया, कतर, ओमान जैसे देशों में शुक्रवार को लोग हजारों की संख्या में सडक़ों पर उतरे। इन लोगों ने इजरायल के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पाकिस्तान में तो पीएम शहबाज शरीफ, राष्ट्रपति समेत तमाम नेता जुटे और एक साथ ही मारे गए हमास नेता के लिए नमाज पढ़ी। इसके अलावा हमास के कमांडर रहे इस्माइल हनीयेह के लिए नमाज पढक़र दुआ भी की गई। इस दौरान सभी ने अपने राष्ट्रीय ध्वज आधे झुका लिए। इजरायल में स्थित तुर्की दूतावास का ध्वज भी हमास नेता के मारे जाने के गम में आधा झुका रहा। कतर में तो बड़ी संख्या में लोगों ने कतर की इमाम मोहम्मद इब्न अल-वहाब मस्जिद पर नमाज पढ़ी। वहीं इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता की इस्तिकलाल मस्जिद में भी बड़ी संख्या में लोगों का जमावड़ा लगा। वहीं ईरान में तो जगह-जगह ईरान के नए राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान और हमास नेता इस्माइल हनीयेह के बैनर लगे दिखे।