Himachal Pradesh

हिमाचल के सभी स्कूलों में अब जीरो पीरियड

Spread the love

परख सर्वेक्षण की बैठक के दौरान निर्देश जारी, छात्रों का होगा मूल्यांकन

संदीप भारद्वाज ट्राइबल टुडे,

सर्वेक्षण के लिए बच्चों को तैयार करने के मकसद से सभी स्कूलों में जीरो पीरियड लगाने के निर्देश दिए गए। इनमें उन कक्षाओं के बच्चों की तैयारियां कराई जाएंगी जिनका सर्वेक्षण होना है। स्कूली बच्चों के लर्निंग लेवल का मूल्यांकन करने के लिए हिमाचल में परख सर्वेक्षण-2024 नवंबर माह में होने जा रहा है। समग्र शिक्षा निदेशालय, उच्च शिक्षा निदेशालय और प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय ने इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। सर्वेक्षण की तैयारियों को लेकर गुरुवार को एक अहम बैठक समग्र शिक्षा निदेशालय शिमला में हुई। इस मौके पर समग्र शिक्षा निदेशक राजेश शर्मा ने कहा है कि साल 2021 में कराए गए एनएएस (नेशनल अचीवमेंट सर्वे) में हिमाचल का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा । ऐसे में इस सर्वे से पहले हिमाचल के स्कूलों में स्लेस ( स्टेट लेवल अचीवमेंट सर्वे) कराया गया था, जिससे कि बच्चों के सीखने के स्तर का आकलन किया जा सके।

हालांकि इस सर्वे हम कुछ में बेहतर नहीं कर पाए हैं। ऐसे में परख सर्वेक्षण के लिए कड़ी मेहनत करने की जरूरत है। इसमें शिक्षा मंत्री ने साफ निर्देश दिए हैं कि सभी जिलों के उप निदेशक यह सुनिश्चित करें कि इस सर्वे के लिए स्कूलों में पूरी तैयारियां हों। इसमें समग्र शिक्षा निदेशक राजेश शर्मा, उच्च शिक्षा निदेशक डा. अमरजीत शर्मा, अतिरिक्त उच्च शिक्षा निदेशक संजीव सूद, प्रारंभिक शिक्षा निदेशक आशीष कोहली, अतिरिक्त प्रारंभिक शिक्षा निदेशक बीआर शर्मा सहित जिलों के उप शिक्षा निदेशक, डीपीओ और समग्र निदेशालय में तैनात नोडल अधिकारी मौजूद रहे।

नोडल ऑफिसर्ज को जिम्मेदारी

निदेशक डा. अमरजीत शर्मा ने कहा कि सर्वे के लिए निदेशालय स्तर पर पर नोडल ऑफिसर बना दिए गए है। निदेशालय पर 6 लोगों की टीम बनाई है, जिनमें से हर एक को दो जिलों में इसकी तैयारियों को मॉनीटर करने का काम दिया गया है।

छात्रों को सम्मान

नीट-जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए सरकारी स्कूलों के बच्चों को अवंति फैलो के माध्यम से कोचिंग दी जा रही है। कोचिंग के लिए सिलेक्ट हुए बच्चों को सम्मानित किया जाएगा। समग्र शिक्षा निदेशक राजेश शर्मा ने कहा कि बच्चों को सम्मानित करने के लिए मुख्यमंत्री को विशेष तौर पर आमंत्रित किया जाएगा।

समय पर दें स्कूल का डाटा

शिक्षा निदेशक ने शिक्षकों की एसीआर, स्कूलों से डाटा समय पर जारी करने, एंटी ड्रग स्क्वायड गठित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से स्कूलों में आईसीटी लैब, सीसीटीवी कैमरे, स्मार्ट क्लासेस जैसी सुविधाओं का पूरा उपयोग सुनिश्चित करने को
भी कहा।