Himachal Pradesh

सबसिडी के साथ मिला उपभोक्ताओं को बिल

Spread the love

विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे

हिमाचल प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं को इस महीने सबसिडी के साथ ही बिजली बिल मिला है। इससे 26 लाख से ज्यादा उपभोक्ताओं को राहत मिली है। अभी तक सरकार इस पर कुछ भी फाइनल नहीं कर पाई है और सरकार की ओर से कोई आदेश बिजली बोर्ड को इस संबंध में नहीं मिले हैं। यही वजह है कि बोर्ड ने अपने स्तर पर कोई काम नहीं किया है और पिछले महीने के जो बिल इस महीने उपभोक्ताओं को आए हैं, वे सबसिडी के साथ ही आए हैं। बिजली बोर्ड ने उपभोक्ताओं को बिजली के बिल भेजना शुरू कर दिए हैं। शहरी क्षेत्रों में ऑनलाइन बिलिंग चल रही है, तो वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में बिलों का भुगतान अभी शुरू हो चुका है। ऐसे में वहां पर भी सभी उपभोक्ताओं को जो बिल आ रहा है, उसमें सबसिडी भी मिल रही है। उपभोक्ताओं को राज्य सरकार की ओर से सबसिडी दी जाती है, जिसमें कुछ वर्गांे को सबसिडी बंद करने का निर्णय सरकार ने लिया है, मगर अभी तक इस पर आदेश जारी नहीं हुए हैं। किसी भी वर्ग के लिए सरकार ने सबसिडी को फिलहाल बंद नहीं किया है।

माना जा रहा था कि इस महीने जो बिल आएगा, वह बिना सबसिडी के होगा और लोगों को झटका लगेगा, परंतु अभी राहत जारी है। दूसरी तरफ विपक्षी दल भाजपा इसे मुद्दा बना रही है। भाजपा के नेता यही इंतजार कर रहे हैं कि कब सरकार इस पर आदेश जारी करे, क्योंकि इसी महीने विधानसभा का सत्र भी शुरू होगा और उसमें भी सत्तापक्ष को घेरा जाएगा। उस घेराबंदी से भी सरकार बचना चाहती है। भाजपा की रणनीति है कि वह इस मुद्दे पर जनता को साथ लेकर संघर्ष करे और सरकार के खिलाफ यहां कोई माहौल बनाया जाए। वहीं सरकार भी यह देख रही है कि जनता का इस मुद्दे पर रिएक्शन क्या है। अब तक जनता की तरफ से नाराजगी उस कद्र सामने नहीं आई है, मगर बिजली बोर्ड के कर्मचारियों ने जनांदोलन छेडऩे के लिए माहौल बनाना शुरू कर दिया है। अब देखना यह है कि इसमें आगे क्या होगा, लेकिन जो भी होगा, वह सरकार द्वारा आदेश जारी करने के बाद ही होगा। अब तक बिजली बोर्ड ने कोई ड्राफ्ट इस मामले में तैयार नहीं किया है।

प्रदेश सरकार के आदेश का इंतजार

बिजली बोर्ड के अधिकारी भी सरकार द्वारा आदेश जारी करने का इंतजार कर हैं। जब एमपीपी एंड पावर विभाग से आदेश आएंगे, उस पर ड्राफ्ट बनेगा और टैरिफ से सबसिडी बंद हो जाएगी। फिर पूरा बिल उपभोक्ताओं को देना ही पड़ेगा। अभी उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली है और सबसिडी के साथ ही उनको बिल मिला है।