Raksha Bandhan: छह शुभ संयोग में मनाया जाएगा रक्षाबंधन पर्व
विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे
19 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन दोपहर 1:32 से रात 9:08 बजे तक रहेगा राखी बांधने का मुहूर्त
इस वर्ष 2024 में 19 अगस्त को रक्षाबंधन का पर्व श्रावण पूर्णिमा के दिन छह शुभ संयोग में होगा। इस दिन राज पंचक, सावन सोमवार, सावन पूर्णिमा का व्रत और स्नान है। वहीं सर्वार्थ सिद्धि योग, रवि योग और शोभन योग बन रहे हैं, जिस कारण रक्षाबंधन का त्योहार विशेष बन जाएगा, लेकिन भद्रा का साया भी रक्षाबंधन पर्व पर रहेगा। ज्योतिष क्षेत्र में अंतराष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त कर चुके जवाली के ज्योतिषी पंडित विपन शर्मा ने बताया कि इस बार 19 अगस्त सोमवार को सुबह 3:04 बजे से सावन पूर्णिमा तिथि प्रारंभ होगी और रात 11:55 बजे खत्म होगी। रक्षाबंधन के दिन राखी बांधने का मुहूर्त दोपहर में 1:32 से रात 9:08 बजे तक है। पंडित विपन शर्मा ने बताया कि इस साल भद्राकाल में रक्षाबंधन की शुरुआत होगी। सुबह 5:53 बजे भद्राकाल शुरू होगा और दोपहर 1:32 बजे समाप्त होगा।
राशियों के अनुसार रक्षासूत्र
मेष: अगर आपके भाई की राशि मेष है, तो भाई को लाल रंग की राखी बांध सकते हैं। मेष राशि के लोगों पर मंगल ग्रह का प्रभाव होता है।
वृषभ: आपके भाई की राशि वृषभ है, तो उसे नीले रंग की राखी बांध सकते हैं। नीले रंग की राखी भाई के जीवन में शुभ परिणाम लेकर आएगी।
मिथुन: भाई की राशि मिथुन है, तो उसे हरे रंग की राखी बांध सकते हैं। ऐसे लोगों के लिए हरा रंग भाग्यशालीहोता है।
कर्क: अगर आपके भाई की राशि कर्क है, तो आप उसे सफेद रंग की राखी बांध सकते हैं। कर्क राशि वालों पर चंद्रमा का प्रभाव होता है।
सिंह: भाई की राशि सिंह है, तो लाल या पीले रंग की राखी बांधें। सिंह राशि वालों पर सूर्य प्रभाव होता है।
कन्या: आपके भाई की राशि कन्या है, तो गहरे हरे रंग की राखी बांध सकते हैं। कन्या राशि वालों पर बुध का प्रभाव होता है।
तुला: भाई की राशि तुला है, तो उसकी कलाई पर गुलाबी रंग की राखी बांध सकते हैं। तुला राशि का स्वामी शुक्र होता है।
वृश्चिक: आपके भाई की राशि वृश्चिक है, तो मेहरून रंग की राखी बांध सकते हैं। वृश्चिक राशि वालों पर मंगल ग्रह का प्रभाव होता है।
धनु: भाई की राशि धनु है, तो अपने भाई की कलाई पर पीले रंग की राखी बांधनी चाहिए। धनु राशि वालों पर शुक्र ग्रह का प्रभाव होता है।
मकर: भाई की राशि मकर है, तो आप उसे नीले रंग की राखी बांध सकते हैं। मकर राशि वालों पर शनि का प्रभाव होता है।
कुंभ: आपके भाई की राशि कुंभ है, तो भाई को गहरे हरे रंग की राखी बांध सकते हैं।
मीन: अगर आपके भाई की राशि मीन है, तो आप उसे पीले रंग की राखी बांध सकते हैं। इस राशि के लोगों पर शुक्र का प्रभाव होता है।