शिमला की लड़की से मोहाली में रेप, सोशल मीडिया पर दिल्ली के युवक से हुई थी दोस्ती
विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला की लड़की के साथ जीरकपुर में रेप का मामला सामने आया है। वीरवार को शिमला पुलिस ने जीरो एफआईआर के तहत बालूगंज थाने में एक मामला दर्ज किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शिमला पुलिस ने जीरो एफआईआर के तहत रिपोर्ट दर्ज कर मामला जीरकपुर पुलिस को स्थानांतरित कर दिया है। अब इस मामले में पंजाब की जीरकपुर पुलिस तफ्तीश कर कार्रवाई अमल में लाएगी।
जानकारी के अनुसार, मामले में पीड़ित युवती की कुछ समय पहले सोशल मीडिया के जरिए दिल्ली के रहने वाले सख्स से जान पहचान हुई थी। यह जान पहचान बाद में दोस्ती में बदल गई। दोनों की दोस्ती आगे बढ़ती गई और दोनों ने शादी करने की योजना बनाई। युवती का आरोप है कि आरोपी युवक ने उसे शादी का झांसा देकर मिलने के लिए मोहाली के जीरकपुर में बुलाया।
आरोपी जीरकपुर में युवती को किराये के कमरे में ले गया और रेप किया। जब युवती ने जल्द ही शादी करने को कहा तो आरोपी युवक ने शादी करने से इनकार कर दिया। इसके बाद युवती ने शिमला पुलिस से शिकायत की थी, जिस पर पुलिस ने गुरुवार को मामला दर्ज किया।
