फोगाट ने वापस लिया संन्यास
रेसलर ने सोशल मीडिया पोस्ट में साल 2032 तक खेलने की जताई इच्छा
पेरिस ओलंपिक में विनेश फोगाट पदक जीतने के काफी करीब पहुंच गईं थी, लेकिन फाइनल से पहले 100 ग्राम अधिक वजह होने के कारण उनके साथ-साथ करोड़ों भारतीयों का दिल टूट गया। विनेश को वजन ज्यादा होने के कारण अयोग्य घोषित कर दिया गया था और इस वजह से वह फाइनल में भी हिस्सा नहीं ले सकी। हालांकि उन्होंने आखिरी दम तक वजन कम करने के लिए सारे तरीके अपनाए लेकिन फाइनल की सुबह वह तय वजन तक नहीं पहुंच सकी। विनेश ने वजन कम करने के लिए खून निकलवाया, बाल कटवाए और लगातार कई घंटों तक एक्सरसाइज की थी, एक समय ऐसा भी आया था, जब उनके कोच को लगा था कि इतना ज्यादा प्रयास करने के कारण पहलवान की मौत भी हो सकती है। ओलंपिक में पदक जीतने का सपना चकनाचूर होने के बाद संन्यास का ऐलान करने वाली विनेश ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करके उनके इस सफर में साथ देने वाला का धन्यवाद किया और ये भी संकेत दिए हैं कि वह कुश्ती में वापसी करने वाली हैं
विनेश की ओलंपिक रजत पदक जीतने की उम्मीदें बुधवार को उस समय धराशायी हो गईं, जब कोर्ट ऑफ आर्बिट्रेशन फॉर स्पोर्ट (सीएएस) ने 100 ग्राम अधिक वजन होने के कारण फाइनल से अयोग्य ठहराए जाने के खिलाफ उनकी अपील खारिज कर दी। विनेश (29) को पिछले सप्ताह महिलाओं के 50 किलोग्राम फ्रीस्टाइल कुश्ती के अंतिम मुकाबले की सुबह अयोग्य घोषित कर दिया गया था। विनेश ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर काफी इमोशनल पोस्ट शेयर किया है, जिसमें उन्होंने अपने करियर से जुड़ी कई महत्त्वपूर्ण बातें बताई है। विनेश ने यह भी कहा है कि वह 2032 तक खेलना चाहती हैं। विनेश ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, मेरी टीम, मेरे साथी भारतीयों और मेरा परिवार, ऐसा लगता है कि जिस लक्ष्य के लिए हम काम कर रहे थे और जिसे हासिल करने की हमने योजना बनाई थी, वह अधूरा रह गया है, कुछ कमी हमेशा बनी रह सकती है और चीजें फिर कभी वैसी नहीं हो सकतीं। शायद अलग परिस्थितियों में मैं खुद को 2032 तक खेलते हुए देख पाऊं, क्योंकि मेरे अंदर की लड़ाई और कुश्ती हमेशा रहेगी।
मेरी बारी ते लगदे, तू रब्बा सुत्ता ही रह गया
विनेश फोगाट ने सोशल मीडिया पर अपनी रोते हुए फोटो शेयर की है। इंस्टाग्राम पर पोस्ट फोटो में विनेश फोगाट ने फोटो के बैकग्राउंड में पंजाबी सिंगर बी प्राक का रब्बा वे गाना लगाया है। इसमें गाने के बहाने विनेश फोगाट ने अपना दुख जाहिर किया है।
पंजाबी गाने के बोल है- मेरी बारी ते लगदे, तू रब्बा सुत्ता ही रह गया।
जिंदगी सिद्दी कर दिंदा, सब कुझ पुट्ठा ही रेह गया।
न दित्ता प्यार, न दित्ता सुकून, साडियां रगां च काला खून।
दिल साड्डा टुटिया टुटिया टूट्टा ही रेह गया।
कोच बोले, मुझे लगा वो मर जाएगी
रेसलर विनेश फोगाट के फॉरेन कोच वॉलर अकोस ने शुक्रवार (16 अगस्त) को खुलासा किया कि फाइनल से पहले वजन घटाने की प्रोसेस के दौरान एक समय उन्हें लगा कि विनेश मर जाएगी। हंगरी के कोच ने फेसबुक पर लिखा- विनेश ने वजन घटाने के लिए पूरी दम झोंक दी। विनेश की मेहनत देखकर मुझे लगा कि कहीं उनकी मौत ना हो जाए। हालांकि, कोच ने कुछ देर बाद अपनी पोस्ट डिलीट भी कर दी। पेरिस ओलिंपिक के दौरान विनेश सात अगस्त को फाइनल से ठीक पहले 100 ग्राम ओवरवेट होने के कारण अयोग्य घोषित कर दी गई थीं। उससे पहले भारतीय रेसलर ने रातभर वजन कम करने के प्रयास किए। उन्होंने करीब साढ़े पांच घंटे तक कड़ी मेहनत की, लेकिन वे अपने वजन को अपनी वेट कैटेगरी 50 किलो पर नहीं ला सकीं।
