यात्री अब एक फोन कॉल से बुक कर सकेंगे रेल का टिकट, ऐसे होगी पेमेंट
संदीप भारद्वाज ट्राइबल टुडे,
अब ट्रेन टिकट बुक करना आसान हो गया है। आईआरसीटीसी, एनपीसीआई और कोरोवर ने ग्लोबल फिनटेक फेस्ट-2024 में यूपीआई के लिए कन्वर्सेशनल वॉयस पेमेंट्स सर्विस लांच की है। यह नई सुविधा, जो पेमेंट गेटवे के साथ इंटीग्रेट है, भारतीय रेलवे के ग्राहकों को अपनी आवाज का उपयोग करके या कॉल पर अपनी यूपीआई आईडी या मोबाइल नंबर टाइप करके आईआरसीटीसी पर ट्रेन टिकट के लिए पेमेंट करने की अनुमति देती है। यह सारा काम भारतीय रेलवे के लिए एआई वर्चुअल असिस्टेंट आस्कदिशा के जरिए होगा। ग्राहक बोलकर न सिर्फ टिकट बुक कर सकेंगे, बल्कि पेमेंट भी कर पाएंगे। नए फीचर की वर्किंग की बात करें, तो जब कोई मोबाइल नंबर दिया जाता है, तो कन्वर्सेशनल वॉयस पेमेंट सिस्टम ऑटोमैटिकली संबंधित यूपीआई आईडी प्राप्त करता है और उपयोगकर्ता के डिफॉल्ट सूपीआई ऐप के माध्यम से पेमेंट रिक्वेस्ट शुरू करता है।
आसान और फ्लेक्सिबल पेमेंट एक्सपीरियंस सुनिश्चित करने के लिए, यह फीचर यूजर को ट्रांजैक्शन टाइम लिमिट के भीतर अपना मोबाइल नंबर या यूपीआई आईडी अपडेट करने की भी सुविधा देता है। इन कंपनियों का कहना है कि यह तकनीक यूपीआई का उपयोग करके व्यापारियों को भुगतान करने वाला यह पहला कन्वर्सेशनल वॉयस पेमेंट सिस्टम है। यह सिस्टम न केवल भाषा संबंधित परेशानियों को दूर करता है, बल्कि ट्रांजेक्शन को पहले की तुलना में तेज और ज्यादा सुलभ बनाता है। यह सिस्टम अलग-अलग भाषाओं में इनपुट का सपोर्ट करता है। एनपीसीआई ने इस फीचर को इनोवेशन-ड्रिवन के रूप में पेश किया है। यह फीचर यूजर्स को क्रेडिट/डेबिट कार्ड, नेटबैंकिंग और वॉलेट जैसे अलग-अलग पेमेंट ऑप्शन चुनने की सुविधा देता है।
