सुरक्षाबलों को मिली बड़ी सफलता, छत्तीसगढ़ में मार गिराए नौ नक्सली
दंतेवाड़ा-बीजापुर बॉर्डर पर सुरक्षाबलों को मिली बड़ी सफलता
छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा-बीजापुर बॉर्डर पर मंगलवार को सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में नौ नक्सलियों को मार गिराया है। मारे गए नक्सलियों में दो वर्दीधारी महिलाएं भी शामिल हैं। जवानों ने मुठभेड़ स्थल से मारे गए नक्सलियों के शव और एसएलआर रायफल, 303 और 315 बोर रायफल के साथ विस्फोटक बरामद किया है। मुठभेड़ किरंदुल थाना क्षेत्र में बैलाडीला के जंगल में हुई। बताया जा रहा है कि करीब 13 घंटे तक मुठभेड़ चली है। फिलहाल इलाके में सर्चिंग ऑपरेशन जारी है। ऑपरेशन में शामिल सभी जवान सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
दंतेवाड़ा जिला के एसपी गौरव राय ने बताया कि बैलाडीला की पहाडिय़ों के नीचे पुरंगेल, लोहा गांव की तरफ पश्चिम बस्तर डिवीजन के माओवादियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसके बाद डीआरजी और सीआरपीएफ के जवानों को सोमवार रात में सर्च ऑपरेशन के लिए भेजा गया था। जवान जब नक्सलियों के कोर इलाके में घुसे, तो नक्सलियों ने गोलियां बरसाना शुरू कर दिया। इसके बाद जवानों ने जवाबी फायरिंग में नौ नक्सलियों को मार गिराया।
