शाही स्नान को छड़ी यात्रा मणिमहेश रवाना
11 को राधाष्टमी पर बड़े न्हौण के दिन डल झील तोड़ खोलेगी स्नान का द्वार
संदीप भारद्वाज ट्राइबल टुडे,
राधाष्टमी के शाही स्नान के लिए दशनाम छड़ी यात्रा बुधवार शाम को मुख्यालय से विधिवत तरीके से पूजा-अर्चना के उपरांत मणिमहेश को रवाना हुई।
छड़ी यात्रा की अगवाई दशनाम अखाडा के मंहत यतिंद्र गिरि ने की। बुधवार शाम को दशनाम अखाड़ा परिसर से आरंभ हुई छड़ी यात्रा लक्ष्मीनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद शहर के विभिन्न हिस्सों से गुजरती हुई जुलाहकड़ी मोहल्ले स्थित श्री राधाकृष्ण मंदिर पहुंची। बुधवार को छड़ी यात्रा रात्रि विश्राम के लिए राधाकृष्ण मंदिर में ही रुकेगी।
गुरुवार से छड़ी यात्रा के आगामी पड़ाव को रवाना होगी और विभिन्न पड़ावों पर रुकती हुई दस सितंबर को पवित्र डल में पहुंचेगी। पूजा-अर्चना की रस्म एसडीएम अरुण शर्मा व मंहत यतिंद्र गिरि ने अदा की। तदोपरांत होमगार्ड के बेंड की धुनों के साथ छड़ी यात्रा मणिमहेश को रवाना हुई। दस को छड़ी यात्रा मणिमहेश डल झील आखिरी पड़ाव की और बढ़ेगी। 11 सितंबर को पवित्र छड़ी राधाष्टमी के दिन सुबह चार बजे परवी में शामिल होकर डल झील को तोडक़र भक्तों के शाही स्नान के द्वार खोलेगी।
