chambaHimachal Pradesh

कार से नशीली दवाइयां बरामद, जांच होने तक मालिक की दवा दुकान सील

Spread the love

विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे

चंबा। आयुर्वेदिक अस्पताल बालू की पार्किंग में खड़ी कार में स्वास्थ्य विभाग ने नशीली दवाइयां बरामद की हैं। कार के मालिक की दवा दुकान को भी विभाग ने जांच पूरी होने तक सील कर दिया है।
स्वास्थ्य विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि अस्पताल के पास दवा की दुकान चलाने वाला केमिस्ट कार में नशीली दवाइयां रखकर गलत इन्हें बेचता है। इसको गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम तुरंत आयुर्वेदिक अस्पताल की पार्किंग में पहुंची। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जब कार की चेकिंग की तो उसमें नशीली दवाई बरामद हुईं। इसको लेकर टीम ने पुलिस को भी मौके पर बुला लिया, जिससे यदि किसी प्रकार का हंगामा हो जाए तो पुलिस उनकी मदद कर सके। पुलिस के आने के बाद स्वास्थ्य टीम ने कार की गहनता के साथ जांच की तो उसके अंदर 90 नशीले कैप्सूल, 100 पेन किलर और दो एमबीटी किट बरामद हुईं। इन्हें स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अपने कब्जे में ले लिया। जब उन्होंने कार के मालिक के बारे में गहनता से जांच की तो उन्हें पता लगा कि वह अस्पताल के बाहर दवा की दुकान को चलाता है। ऐसे में विभाग ने दवा की दुकान को भी जांच पूरी होने तक बंद रखने के आदेश जारी किए हैं। जो दवाइयां कार में मिली हैं, विभाग उनका मिलान उसकी दवा दुकान में रखी दवाइयों के साथ करेगा, जिससे मामले की तह तक जाकर उचित कार्रवाई की जा सके।

उधर, स्टेट ड्रग कंट्रोलर मनीष कपूर ने बताया कि आयुर्वेदिक अस्पताल की पार्किंग में खड़ी कार में नशीली दवाइयां पकड़ी गई हैं। स्वास्थ्य विभाग इस मामले में गहनता के साथ जांच कर रहा है।