बारामूला में सुरक्षाबलों ने तीन आतंकी मार गिराए, एनकाउंटर जारी
जम्मू-कश्मीर में सेना और पुलिस का ज्वॉइंट ऑपरेशन
एलओसी के पास घुसपैठ की कोशिश; सेना का अधिकारी घायल, एक हफ्ते में दूसरी झड़प
जम्मू-कश्मीर के बारामूला में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। सुरक्षा बलों ने एक एनकाउंटर में तीन आतंकियों को मार गिराया है। पाटन क्षेत्र के चक टेपर क्रेरी में यह मुठभेड़ शुरू हुई, जहां भारतीय सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने मिलकर आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन चलाया। सुरक्षा बलों को पुख्ता जानकारी मिली थी कि इस इलाके में आतंकवादी छिपे हुए हैं। खबर लिखे जाने तक सर्च आपरेशन जारी था। इसी बीच जम्मू-कश्मीर में एलओसी के पास घुसपैठ कर रहे आतंकियों से मुठभेड़ में सेना का एक अधिकारी घायल हो गया।
यह मुठभेड़ नौशेरा सेक्टर के कलाल इलाके में हुई। पिछले एक हफ्ते में घुसपैठ का यह दूसरा मामला है। इससे पहले 9 सितंबर को इस सेक्टर के लाम इलाके में एलओसी के पास भारी हथियारों से लैस दो आतंकवादी मारे गए थे। इससे पहले शुक्रवार को सेना की राइजिंग स्टार कॉप्र्स ने दो आतंकवादियों को मार गिराया था और भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया था। वहीं किश्तवाड़ जिले में भी शुक्रवार देर रात मुठभेड़ में सेना के दो जवान शहीद हो गए थे। इनमें से एक जूनियर कमीशंड ऑफिसर और एक सिपाही शामिल थे।
