पंजाब के पटियाला में 20 साल के युवक की नशे से मौत, दोस्तों ने लगाया था नशे का इंजेक्शन दोनों आरोपी दोस्त गिरफ्तार
पंजाब के पटियाला में 20 साल के युवक की नशे का टीका लगाने से मौत हो गई। युवक को उसके दोस्तों ने जबरदस्ती नशे का इंजेक्शन लगा दिया, जिससे उसकी मौत हुई है।
पटियाला में 20 साल के युवक की मौत का मामला सामने आया है। आरोप है कि उसके दोस्तों ने उसे जबरन नशे का टीका लगा दिया। मृतक नौजवान के पिता की शिकायत पर थाना अनाज मंडी पुलिस ने दोनों आरोपी दोस्तों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज करके उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक फिलहाल मामले की जांच जारी है कि दोस्तों ने इस वारदात को अंजाम क्यों दिया। मृतक की पहचान अर्श कुमार निवासी एकता नगर पटियाला के तौर पर हुई है। आरोपियों में वरुण निवासी एकता नगर-बी पटियाला और अंकुर निवासी रणजीत नगर नजदीक आरी वाली गली पटियाला शामिल है
मृतक के पिता गुरदियाल सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका लड़का अर्श कुमार (20) त्रिपड़ी में पानी वाली टंकी के पास टेलर का काम सीख रहा था। रोजाना की तरह 15 सितंबर को वह अपने काम पर गया था, लेकिन शाम को वापस घर नहीं लौटा। रात भर वह अर्श कुमार की तलाश करते रहे। अगले दिन सुबह किसी का फोन आया और उसने बताया कि अर्श कुमार अलीपुर के नजदीक गिरा पड़ा है और उसकी मौत हो चुकी है।
