Assistant Forest Guard Recruitment : नए नियमों से भर्ती होंगे सहायक वनरक्षक
पहली बार हो रही भर्ती के लिए वेतन, पदोन्नति, अवकाश के लिए बन रहे नए रूल
संदीप भारद्वाज ट्राइबल टुडे
हिमाचल में पहली बार होने जा रही सहायक वनरक्षकों की भर्ती को नए नियम तय होंगे। सहायक वनरक्षकों की पदोन्नति और उनकी भर्ती प्रक्रिया के लिए वन विभाग आधार तैयार करेगा। इस प्रक्रिया में वेतन, पदोन्नति, अवकाश के लिए भी नियम नए सिरे से तय होंगे। यह प्रक्रिया ठीक वैसे ही पूरी की जाएगी, जैसे बीते दिनों 2061 पदों पर आयोजित की गई वन मित्र भर्ती के लिए पूरी की गई थी। वन विभाग ने राज्य सरकार से आदेश मिलते ही आगामी 15 दिन में सभी भर्ती और पदोन्नति नियम (आर एंड पी) तय करने की तैयारी शुरू कर दी है। गौरतलब है कि मंत्रिमंडल की बैठक में वन विभाग में 100 सहायक वनरक्षकों की भर्ती पर मुहर लगी थी। राज्य सरकार के इस फैसले के बाद अब वन विभाग भर्ती की तैयारी में जुट गया है। सरकार ने पहली बार वनरक्षकों के साथ सहायक शब्द जोड़ा है और इस वजह से वनरक्षकों की भर्ती को लेकर पहले से तय नियम अब इस नई भर्ती पर लागू नहीं होंगे। कैबिनेट से मंजूरी के बाद विभागीय स्तर पर अब भर्ती के नियम और शर्तें बनाने की प्रक्रिया भी अंदरखाते शुरू हो गई है। वन विभाग में नियम और शर्तें तय होने के बाद फाइल को एक बार फिर राज्य सरकार के सुपुर्द किया जाएगा और राज्य सरकार इस भर्ती को अंतिम रूप देगी।
इससे पहले राज्य सरकार ने वन मित्रों की भर्ती की है। इसके लिए नियम और शर्तें वन विभाग ने तय की थी। वन मित्र भर्ती में विभाग ने ग्राउंड टेस्ट और शैक्षणिक योग्यता दोनों के मानक तय किए थे। वन मित्र भर्ती में शैक्षणिक योग्यता में हासिल अंकों को 0.75 से गुणा कर प्रतिशत का आकलन किया गया है। इसके अलावा आर्थिक रूप से कमजोर और बीपीएल परिवार से संबंधित आवेदक और एससी, एसटी और ओबीसी को दो अंक, एनसीसी, भारत स्काउट एंड गाइड और एनएसएस सहित राष्ट्रीय खेलकूद स्पर्धा में पुरस्कार जीतने वालों को पांच अंक तय किए गए। हालांकि इस भर्ती में पर्सनल इंटरव्यू भी निर्धारित किया गया था और अंतिम चरण में इस इंटरव्यू के 10 अंक तय किए गए थे। इस पर बाद में विवाद हो गया और वन विभाग को पर्सनल इंटरव्यू को भर्ती प्रक्रिया से हटाना पड़ा। फिलहाल वन विभाग प्रवक्ता के अनुसार राज्य सरकार के आदेशों पर अमल होगा और भर्ती प्रक्रिया को लेकर जो रूपरेखा तय करने के जो आदेश दिए जाएंगे उन्हें आगामी 15 दिन में पूरा कर लिया जाएगा।
वनमित्र भर्ती में 25 साल तय है अधिकतम आयु
तय मापदंडों के अनुसार वनमित्र भर्ती में आयु सीमा 18 से 25 वर्ष तय की गई थी। पुरुष आवेदक के लिए ऊंचाई 165 और सीना 79 से 84 सेंटीमीटर जबकि महिला के लिए ऊंचाई 150 सेंटीमीटर और सीना 74 से 79 सेंटीमीटर होना आवश्यक था। पुरुष आवेदक को 30 मिनट में पांच हजार मीटर की दौड़ पूरी करनी होगी। महिला के लिए 10 मिनट में 1500 मीटर की दौड़ अनिवार्य रहेगी। वन विभाग के सचिव की तरफ से जारी अधिसूचना में वन मित्रों को साल में 12 दिन का अवकाश की बात कही गई है। इसके साथ ही 180 दिन का मातृत्व अवकाश की बात कही गई थी।
पहले वनरक्षकों के लिए 30 वर्ष थी अधिकतम आयु
वन रक्षकों की पहले अनुबंध आधार पर भर्ती प्रक्रिया पूरी की गई थी। इस भर्ती के लिए शैक्षणिक योग्यता जमा दो, आयुसीमा अधिकतम 30 वर्ष व रोजगार कार्यालय में पंजीकृत होना आवश्यक किया गया था। इस भर्ती में शारीरिक दक्षता परीक्षा अनिवार्य की गई थी। इस प्रक्रिया को पास करने वाले आवेदकों की लिखित परीक्षा लेने का प्रावधान किया गया था। लिखित परीक्षा के 85 अंक तय किए गए थे। इसके अलावा दिव्यांग आवेदकों को तीन प्रतिशत आरक्षण के तहत छूट दी गई थी। इस बार भर्ती प्रक्रिया में इन नियमों में ही बदलाव होने हैं और इसके लिए वन विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है।
