जयराम बोले- टर्शरी कैंसर सेंटर PM मोदी की देन, CM ने उनका आभार जताना भी उचित नहीं समझा
संदीप भारद्वाज ट्राइबल टुडे
नेता प्रतिपक्ष ने शिमला स्थित अपने आधिकारिक आवास पर मीडिया के प्रतिनिधियों से बात करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू हर दिन केंद्र सरकार को जी भर कर गाली देते हैं और केंद्र सरकार द्वारा वित्त पोषित योजनाओं का ही फीता भी काटते हैं। लेकिन केंद्र सरकार के सहयोग का आभार जताने के लिए दो शब्द भी नहीं कहते हैं। उन्होंने कहा कि आईजीएमसी स्थित टर्शरी कैंसर सेंटर के निर्माण में सारा पैसा केंद्र सरकार का लगा है लेकिन उद्घाटन करने पहुंचें मुख्यमंत्री ने केंद्र के बारे में एक भी अच्छा शब्द नहीं कहा। आईजीएमसी में अत्याधुनिक उपकरणों से लैस जिस कैंसर अस्पताल के भवन का लोकार्पण हुआ उसके भवन और उपकरणों के निर्माण के लिए केंद्र सरकार ने 56 करोड़ रुपए दिए। पूर्व की बीजेपी सरकार के समय से काम चल रहा था। दो सालों जो भी फीता इस सरकार के मुख्यमंत्री और मंत्रियों ने काटा है वह या तो पूर्व भाजपा सरकार के काम है या फिर केंद्र सरकार के काम है। लेकिन देश भर में घूम-घूम कर मुख्यमंत्री और मंत्री कहते हैं कि हमें केंद्र हमें कुछ भी नहीं दे रहा है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि भवन के निर्माण के लिए केंद्र सरकार द्वारा 14 करोड़ 87 लाख रुपए दिए गए। इसके बाद अस्पताल के लिए अत्याधुनिक मशीनें और उपकरण खरीदने के लिए दो किश्तों में 12 करोड़ 60 लाख और 28 करोड़ 45 लाख रुपए भी केंद्र सरकार द्वारा दिए। लेकिन इस अस्पताल के उद्घाटन के मौके पर भी मुख्यमंत्री ने बड़ा दिल दिखाना तो दूर की बात सामान्य शिष्टाचार का भी निर्वहन नहीं किया और केंद्र सरकार को कोसने में ही सारी ऊर्जा खर्च की। इसके बाद वह भारत के संघीय ढांचे की बात करते हैं।
