Himachal PradeshKullu

Kullu Dussehra : रघुनाथजी की रथयात्रा के साथ कुल्लू अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव का आगाज

Spread the love

विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे

देवभूमि के देवी-देवता यात्रा में शामिल, देश-विदेश के लोग बने अलौकिक रथयात्रा के साक्षी, देव महाकुंभ में हजारों की संख्या में उमड़े भक्त, ढोल-नगाड़ों की थाप के साथ गूंज उठा ढालपुर, आस्था के सैलाब में हर कोई राम धुन पर मग्न

देवभूमि कुल्लू में देश-दुनिया के सबसे बड़े देव समागम अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव का आगाज रविवार को भगवान रघुनाथजी की अलौकिक रथयात्रा और अनूठे देव-मानस मिलन के साथ हुआ। ठीक साढ़े चार बजे रथ मैदान से रथयात्रा तब शुरू हुई, जब भेखली माता से इसे रवाना करने के लिए संकेत मिला। इस देव महाकुंभ के नजारे के साक्षी राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल अपने परिवार संग बने। इसके अलावा उनके साथ उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्रिहोत्री, मुख्य संसदीय सचिव सुंदर सिंह ठाकुर, विधायक भुवनेश्वर गौड़, विधायक सुरेंद्र शौरी, विधायक लोकेंद्र कुमार, उपायुक्त कुल्लू तोरुल एस रवीश, एसपी कुल्लू कार्तिकेयन गोकुलचंद्रन शामिल रहे। वहीं, देश-दुनिया के हजारों श्रद्धालु इस पल के साक्षी बने।

सदियों से चली आ रही रस्मों को निभाने के साथ ही इस देव महाकुंभ का आगाज हुआ। हजारों की संख्या में लोगों ने अधिष्ठाता देव भगवान रघुनाथ के रथ को खींचकर पुण्य भी कमाया। इतना ही नहीं, विदेशी सैलानी भी इस अद्भुत व अलौकिक नजारे को अपने कैमरे में कैद करने के लिए उत्साहित नजर आए। ढोल-नगाड़ों की थाप के साथ ढालपुर गूंज उठा। भगवान रघुनाथ के साथ देवी-देवताओं की शक्तियां वाद्य यंत्रों की धुनों के साथ चारों तरफ फैलीं, तो हजारों की संख्या में आए श्रद्धालुओं ने अपने आप में यह महसूस किया कि सचमुच उन्हें प्रगट रूप में आशीर्वाद प्राप्त हुआ है।

प्राचीन वाद्य यंत्रों ढोल, नगाड़ों, नरसिंगों, करनाल, भाणा, घंटी की देव स्वरलहरियों पर ढालपुर में हुए भव्य देव मिलन ने हजारों लोगों को स्वर्गलोक जैसी अनुभूति करा दी। हजारों लोगों ने अपने-अपने ईष्ट देवी-देवताओं के आगे सिर झुकाकर आशीर्वाद प्राप्त किया। आस्था के इस सैलाब में हर कोई राम रंग में ही रंगा हुआ नजर आया। भगवान राघव की विस्मृत कर देने वाली इस भव्य रथयात्रा में देवी हिडिंबा, बिजली महादेव, ज्वाणी महादेव, देवता नाग धूमल समेत ठारा करड़ू देवताओं ने भाग लेते हुए धरा पर हुए इस सबसे बड़े देव समागम में चार चांद लगा दिए। भगवान के ये रथ ढालपुर मैदान के बीच बने अस्थायी कैंप के सामने पहुंचे, जहां भगवान रघुनाथ को ठहराया। बाकी देवताओं को भी यहीं और आसपास बने अस्थायी शिविरों में ठहराया गया।

राज्यपाल परिवार संग बने देव महाकुंभ के साक्षी

हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल विश्व के सबसे बड़े देव महाकुंभ के साक्षी बने। अंतरराष्ट्रीय दशहरा कमेटी के अध्यक्ष एवं सीपीएस सुंदर सिंह ठाकुर ने उनका अभिनंदन किया। कार्यक्रम में राज्यपाल के परिवारजन भी शामिल हुए।