दीपावली से पहले हमीरपुर को सीएम ने दिए 2.30 करोड़ रुपए के तोहफे
मुख्यमंत्री ने किया बस स्टैंड के सामने रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा का अनावरण
संदीप भारद्वाज ट्राइबल टुडे
अपने दो दिवसीय प्रवास पर शनिवार दोपहर बाद हमीररपुर पहुंचे मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने पहले दिन जिला मुख्यालय हमीरपुर में 2.30 करोड़ रुपए की लागत से तैयार विभिन्न सौंदर्यीकरण के कार्यों का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने सर्वप्रथम बस स्टैंड हमीरपुर के सामने रानी झांसी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा का अनावरण किया। उसके बाद भोटा चौक पर वर्षा शालिका, वार्ड नंबर दो में पार्क का सौंदर्यीकरण, गांधी चौक के नवीनीकरण कार्य, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (बाल) के सामने निर्मित पार्क, स्ट्रीट वेंडर मार्किट भोटा, उपायुक्त कार्यालय के समीप निर्मित एस्पिरेशनल टॉयलेट तथा प्रताप नगर चौक, डांग कुआली चौक व पुरी चौक के नवीनीकरण कार्य का लोकार्पण भी किया। मुख्यमंत्री द्वारा शहर में किए गए इन उद्घाटन को दीपावली से पूर्व शहर के लिए दिए गए तोहफों के रूप में देखा जा रहा है। ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार हमीरपुर में विभिन्न स्थलों को सुंदर और आकर्षक बनाने के लिए काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह ने कहा कि नगर परिषद के वार्डों में विभिन्न विकासात्मक कार्यों को अंजाम दिया जा रहा है और हमीरपुर शहर को सुंदर बनाना उनकी मुख्य प्राथमिकता में शामिल है। उन्होंने कहा कि सीएम बनने के बाद हमीरपुर के वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाल हमीरपुर के खेल मैदान में जब वह पहली बार आए थे तो उसकी हालत काफी दयनीय थी। इस मैदान को अब सुंदर बनाने के लिए काम किया गया है । इस अवसर पर सुजानपुर के विधायक रंजीत सिंह राणा, मु यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा, कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, राम चंद्र पठानिया, पूर्व विधायक अनीता वर्मा, कांग्रेस नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा, सुभाष ढटवालिया, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमन भारती, एपीएमसी के अध्यक्ष अजय शर्मा, उपायुक्त अमरजीत सिंह, पुलिस अधीक्षक भगत सिंह ठाकुर सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे। -एचडीएम
मौजूदा बस अड्डे का करेंगे जीर्णोद्धार
मुख्यमंत्री ने बताया कि हमीरपुर में बन रहे नए बस अड्डे का काम एक साल में पूरा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि अभी जो बस अड्डा है उसका भी जीर्णोद्धार किया जाएगा और इसे ट्रांजिट बस अड्डे के तौर पर तैयार किया जाएगा जिसकी जल्द ही डीपीआर तैयार की जाएगी । उन्होंने कहा कि इस बस अड्डे पर एक बड़ा कांप्लेक्स बनाने की भी योजना है। उन्होंने कहा कि आगामी समय में हमीरपुर शहर के लिए भी कई नई योजनाएं सरकार के द्वारा शुरू की जांएगी।
