40 लाख लोन के चक्कर में रच डाली अपनी ही मौत की साजिश.…
ट्राइबल टुडे
चंबा:ऑनलाइन गेम की लत ने बीएसएफ के जवान को आर्थिक रूप से कंगाल बना दिया। 40 लाख का जो लोन लिया था वह भी उसने ऑनलाइन गेमिंग में उड़ा दिया। जब वह आर्थिक रूप से कंगाल हो गया तो इससे खुद को बचाने के लिए फिल्मी स्टाइल में अपनी मौत की झूठी साजिश रची। इसके लिए उसने चम्बा के सबसे सुनसान सड़क को चुना । जहां पर उसने अपनी कार को ले जाकर सबसे पहले नम्बर प्लेट निकली। जिसे सड़क पर फेंक दिया ताकि पुलिस इससे उसकी पहचान कर सके। इसके बाद कार में अपना मोबाइल फोन और हड्डी का टुकड़ा रख दिया। इसके बाद गाड़ी में तेल फेंककर आग लगा दी। खुद रात को चम्बा बस स्टैंड पहुंचा जहां से बस के जरिये पठानकोट पहुंचा। वहां से दिल्ली और दिल्ली से अहमदाबाद पहुंच गया। जहां से अपने ट्रक चालक दोस्त के साथ बैंगलोर निकल गया। पुलिस को उसके पास तक पहुंचने के लिए उसका दोस्त ही अहम कड़ी बना। इस केस को सुलझाने में पुलिस की भूमिका भी अहम रही है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने प्रेस वार्ता के दौरान खुलासा करते हुए कहा कि व्यक्ति ऑनलाइन गेमिंग से आर्थिक नुकसान से काफी परेशान था। इसी परेशानी से बचने के लिए उसके खुद को मारने की झूठी साजिश रची। लेकिन जिस दिन ये घटना घटी उसी दिन से पुलिस को उसके ऊपर शक था। पुलिस को इस बात पर पूरा विश्वास था कि व्यक्ति जिंदा है। पर कहां है इसकी तलाश में पुलिस पूरी तरह से जुट गई। केस में छोटी से छोटी कड़ी को जोड़कर पुलिस ने अपनी जांच शुरू की। इस मामले में उसके परिजन शामिल थे या नहीं इसको लेकर भी पुलिस जांच कर रही है। केस को सुलझाने में जांच टीम में हेड कांस्टेबल प्रदीप सिंह और बलविंदर ने सराहनीय कार्य किया है।
