21 शहीद पुलिस कर्मियों को श्रद्धांजलि
भराड़ी में मनाया स्मरणोत्सव दिवस, याद किया लद्दाख सीमा पर दिया बलिदान
संदीप भारद्वाज ट्राइबल टुडे
हिमाचल प्रदेश पुलिस ने सोमवार को पुलिस स्मरणोत्सव दिवस के अवसर पर अपने उन 21 वीर पुलिस कर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की, जिन्होंने लोगों और राष्ट्र की सेवा में सर्वोच्च बलिदान दिया। इस अवसर पर पुलिस ग्राउंड भराड़ी शिमला में एक गंभीर और गरिमापूर्ण स्मरणोत्सव परेड का आयोजन किया गया। हिमाचल प्रदेश पुलिस कर्मियों द्वारा यह परेड संपन्न की गई, जिसका नेतृत्व आईपीएस अधिकारी अदिती सिंह ने किया। इस अवसर पर पुलिस के सभी रैंकों के अधिकारियों और जवानों ने उन शहीदों के सम्मान में शिरकत की, जिन्होंने देश की सुरक्षा, कानून व्यवस्था और नागरिकों की सेवा में अपने प्राणों की आहुति दी। पुलिस स्मरणोत्सव दिवस हर साल उन बहादुर पुलिस कर्मियों को याद करने और सम्मानित करने के लिए मनाया जाता है। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था हिमाचल प्रदेश अभिषेक त्रिवेदी आईपीएस ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
एडीजीपी अभिषेक त्रिवेदी ने शहीदों की स्मृति में पुष्पांजलि अर्पित की और उनके परिवारों को आश्वासन दिया कि उनके बलिदान को कभी भुलाया नहीं जाएगा। गौर हो कि 21 अक्तूबर, 1959 स्वतंत्र भारत के इतिहास का वह दिन था, जब लद्दाख सीमा पर हॉट स्प्रिंग नामक स्थान पर चीन की सेना ने भारतीय पुलिस के 21 जवानों पर घात लगाकर हमला किया था। इसमें हमारे 10 जवान देश की सुरक्षा के लिए लड़ते हुए शहीद हो गए थे और 11 जवानों को चीनी सेना द्वारा बंदी बना लिया गया था। इसी शहादत की याद में हर वर्ष 21 अक्तूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है। इस अवसर पर पुलिस उप महानिरीक्षक रंजना चौहान, गुरुदेव शर्मा, राहुल नाथ, एआईजी मानव वर्मा, रोहित मालपानी, एसपी अर्जित सेन ठाकुर, एआईजी टीटीआर विनोद कुमार आदि उपस्थित रहे।
