Himachal Pradesh

बिना सुविधाएं खोल दिया कालेज, अब चलाना तो होगा

Spread the love

मंत्री जगत नेगी ने थुनाग में हार्टीकल्चर-वानिकी महाविद्यालय पर घेरी भाजपा

विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे

राजस्व, बागबानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा है कि थुनाग में पूर्व सरकार ने बिना सुविधाओं और बजट के थुनाग में हार्टीकल्चर एवं वानिकी कालेज खोल दिया। अब प्रदेश सरकार इसे चलाने के लिए प्रयास कर रही है और सुविधाएं भी जुटाई जा रही हैं। मंत्री ने ये शब्द बुधवार को सराज विधानसभा क्षेत्र के थुनाग स्थित राजकीय बागबानी महाविद्यालय के निरीक्षण के बाद कहे। श्री नेगी ने कहा कि इस कालेज के लिए पूर्व सरकार ने 300 करोड़ की ड्राइंग बना दी, जबकि बजट 10 करोड़ ही दिया। सरकार को अब संसाधानों को भी देखना पड़ेगा कि इसे कैसे बेहतर बनाया जा सके। अभी बच्चों को यहां कई दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ज्यादातर विद्यार्थी किराए के कमरों में रह रहे हैं। कालेज के नए भवन बनाने में अभी समय लगना है और वह भी संसाधनों पर निर्भर है।

इसलिए पहले विद्यार्थियों को यहां तहसील भवन ठहराने की व्यवस्था करने की योजना बनाई जा रही है। कालेज प्रशासनिक भवन का टेंडर अभी होल्ड पर है, उसे रद्द नहीं किया गया है। उन्होंने महाविद्यालय के छात्रों से संवाद किया और प्रबंधन वर्ग से यहां प्रदत सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गुणात्मक शिक्षा सुनिश्चित करने के साथ ही छात्रों को अत्याधुनिक सुविधाएं प्रदान करने के लिए कृतसंकल्प है। वर्तमान में पंचायतीराज विभाग व टूरिस्ट बंगलों में संचालित किए जा रहे इस महाविद्यालय में आधारभूत अधोसंरचना को सही ढंग से विकसित करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यहां शिक्षा ग्रहण कर रहे छात्रों को रहने की सुविधा उपलब्ध करवाना हमारी प्राथमिकता है।