चम्बा के तेलका मे लापता बुजुर्ग का नहीं लगा कोई सुराग, तलाश जारी
विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे
खोजी कुत्ते को लेकर भी जंगल में चलाया सर्च अभियान
संयुक्त टीम ने गांवों के आसपास के जंगलों में की तलाश
तेलका (चंबा)। अपने पोते के साथ खेत काम करने के लिए गए अच्छरु राम का कोई सुराग नहीं लग पाया है। हालांकि, वीरवार को लापता बुजुर्ग को तलाशने के लिए करीब 200 ग्रामीण, पुलिस, वन विभाग के जवान और खोजी कुत्ते के जरिये भी लापता को तलाशने का भरसक प्रयास किया गया लेकिन, देर शाम तक चले सर्च ऑपरेशन में संयुक्त टीम को निराशा ही हाथ लगी। थकहार कर अब टीम लौट आई है। अब शुक्रवार को एक बार फिर लापता को तलाशने के लिए सर्च ऑपरेशन आरंभ होगा।
गौरतलब है कि उप तहसील तेलका के अंतर्गत सालवां निवासी अच्छरु राम पुत्र घेपा राम बुधवार शाम को 7:00 बजे कुंदु (एक जगह घास को इकट्ठा करना) लगाने के लिए अपने पोते के साथ खेत में गया था। आधा कुंदु लगाने के बाद व्यक्ति ने अपने पोते को घर भेज दिया। परिजन रात 8:00 बजे तक उनका इंतजार करते रहे लेकिन वह घर नहीं लौटा। परिवार को उसकी चिंता होने लगी। इसके बाद परिवार के सदस्य बुजुर्ग को तलाशने के लिए निकले। काफी देर तक ढूंढने पर वृद्ध का कोई पता नहीं चल पाया। परिजनों ने सुबह पुलिस चौकी तेलका में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस समेत स्थानीय लोगों की टीम ने दिनभर सर्च ऑपरेशन जारी रखा लेकिन, उनका कोई भी सुराग नहीं लग पाया है। वीरवार को एक बार फिर से बुजुर्ग को तलाशने का क्रम आरंभ किया। ग्रामीणों, पुलिस और वन विभाग की टीम ने आसपास के जंगल का चप्पा-चप्पा छान मारा लेकिन, उन्हें कोई भी सफलता हाथ नही लगी
