Himachal PradeshKangra

बड़ा भंगाल को 3271 क्विंटल राशन, लोगों को एक साथ मिलेगा पांच महीने का कोटा

Spread the love

विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे

कांगड़ा के दुर्गम क्षेत्र में लोगों को एक साथ मिलेगा पांच महीने का कोटा
प्रदेश के सबसे बड़े जिला कांगड़ा के दुर्गम क्षेत्र बड़ा भंगाल सहित छोटा भंगाल में खाद्य आपूर्ति विभाग की ओर से अगले महीने एडवांस में 3270.50 क्विंटल राशन और 18.270 लीटर तेल भेजा जाएगा। खाद्य आपूर्ति विभाग कांगड़ा ने बर्फबारी से पहले ही राशन वितरण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभाग द्वारा आटा-चावल, दालों, तेल सहित नमक-चीनी की सप्लाई अगले माह भेजी जाएगी। विभाग की ओर से छोटा भंगाल सहित बड़ा भंगाल में बर्फबारी से पहले नवबंर माह में पांच महीने का राशन एडवांस में भेज दिया जाएगा।
बैजनाथ के खाद्य आपूर्ति विभाग के निरीक्षक बलदेव बलोरिया ने बताया कि छोटा भंगाल के पांच डिपुओं मुल्थान, बड़ाग्रां, कोठी कोहड़, कोठी सवाड़ व छेरना में लगभग 3270. 50 क्विंटल राशन जिसमें दालें, आटा, चावल, नमक, चीनी के साथ-साथ 18.270 लीटर तेल की सप्लाई भेजी जाएगी। इसमें 108 क्विंटल नमक, 320 क्विंटल 50 किलो दालें, 18 हजार 270 लीटर खाद्य तेल और 198 क्विंटल चीनी भी उपलब्ध करवाई जाएगी। ऐसी तरह इन क्षेत्रों के उपभोक्ताओं की सुविधा को पांच माह के लिए 1670 क्विंटल आटा और 974 क्विंटल चावल उपलब्ध करवा दिया जाएगा।
बर्फबारी से पहले भेजेंगे सप्लाई
कांगड़ा के खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक पुरुषोत्तम सिंह ने बताया कि खाद्य आपूर्ति विभाग की ओर से छोटा भंगाल में पांच माह एडवांस में राशन भेजा जाता है। कांगड़ा जिला में बर्फबारी वाले क्षेत्रों के तहत आने वाली उचित मूल्यों की दुकानों में राशन नवंबर माह में उपलब्ध करवा दिया जाएगा। इसमें छोटा भंगाल के पांच डिपुओं मुल्थान, बड़ा गांव, कोठी कोहढ, कोठी सवाड़, छेरना ऊपरी क्षेत्र आते हैं।