National

दिल्ली पुलिस के स्पेशल सैल का एक्शन, बिश्नोई गैंग के सात शूटर गिरफ्तार

Spread the love

पंजाब समेत कई राज्यों में दिल्ली पुलिस के स्पेशल सैल का एक्शन


लॉरेंस बिश्नोई गैंग के खिलाफ पैन इंडिया कार्रवाई में दिल्ली पुलिस के स्पेशल सैल के हाथ बड़ी कामयाबी लगी है। गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सात शूटर्स गिरफ्तार हुए हैं। इन शूटर्स की गिरफ्तारी पंजाब और अन्य राज्यों से की गई है। पुलिस ने इनके पास से हथियार भी बरामद किए हैं। दिल्ली पुलिस स्पेशल सैल के सूत्रों के मुताबिक ये शूटर्स हरियाणा में सुनील पहलवान का मर्डर करने वाले थे। गंगानगर में सुनील की रेकी की गई थी और हथियार भी आ गए थे। इस मॉड्यूल को आरजू बिश्नोई हेड कर रहा था। बता दें कि सुनील पहलवान पूर्व विधायक का भतीजा है।
नफे सिंह राठी को जिस तरह जीपीएस से ट्रैक करके मारा गया था, उसी तरह सुनील पहलवान को भी ट्रैक करके मारने की साजिश थी। यह गिरोह वारदात को अंजाम दे पाता, उससे पहले ही सभी शूटर्स को पकड़ लिया गया। इनके पास से छह सेमी-ऑटोमेटिक पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। अब तक की जांच में बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में इनकी संलिप्तता सामने नहीं आई है।
गैंगस्टर लॉरेंस के भाई पर 10 लाख का इनाम
नई दिल्ली। गैंगस्टर लॉरेंस के भाई अनमोल बिश्नोई पर एनआईए ने 10 लाख रुपए का इनाम रखा है। एजेंसी ने मोस्ट वांटेड लिस्ट में शामिल अनमोल पर 2022 में दर्ज दो मामलों में चार्जशीट दाखिल की है। बालीवुड अभिनेता सलमान खान के घर पर फायरिंग की जिम्मेदारी अनमोल ने ली थी। इसके साथ पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला और बाबा सिद्दीकी की हत्या मामले में भी उसका नाम सामने आया है।