NPS वालों को फुल डीए एरियर, वित्त विभाग ने जारी किए आदेश
1364 मुलाजिमों के लिए वित्त विभाग ने जारी किए आदेश
संदीप भारद्वाज ट्राइबल टुडे
ऐसे सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को महंगाई भत्ते का पूरा एरियर एकमुश्त देने के आदेश हो गए हैं, जिन्होंने ओल्ड पेंशन के बजाय न्यू पेंशन स्कीम को ही खुद के लिए चुना था। राज्य के वित्त विभाग के आंकड़े के अनुसार ऐसे 1364 कर्मचारी और अधिकारी अभी कार्यरत हैं, जिन्होंने एनपीएस को ही अपने साथ रखा है। इनके लिए भारत सरकार की व्यवस्था के अनुसार महंगाई भत्ता देने की आदेश पहले ही हो गए हैं, लेकिन इस बार दीपावली से पहले इन्हें महंगाई भत्ते का पूरा एरियर भी मिल गया। कई अधिकारियों को दो से ढाई लाख रुपए वेतन के साथ इस महीने मिले हैं। हालांकि कुछ विभागों में अभी भी यह भुगतान बाकी है। इसकी वजह यह है कि ट्रेजरी में 28 तारीख को सैलरी और पेंशन जाने के कारण काम ज्यादा हो गया था। इसलिए जिनके खाते में अभी महंगाई भत्ते के एरियर के एकमुश्त पैसे ट्रांसफर नहीं हुए, उन्हें 31 अक्तूबर तक यह पैसा मिल जाएगा।
दूसरी तरफ, ओल्ड पेंशन वाले कर्मचारी पिछले 42 महीने के महंगाई भत्ते के एरियर की डिमांड कर रहे हैं। ये कर्मचारी सचिवालय कर्मचारी संगठन की अगवाई में मुख्य सचिव से भी मिले हैं। राज्य सरकार ने अब तक चार फ़ीसदी महंगाई भत्ते की दो किस्तें कर्मचारियों को दी हैं, लेकिन दोनों ही किस्तों के समय एरियर को लेकर कोई ऑर्डर नहीं हुआ है। हालांकि न्यू पेंशन स्कीम वाले कर्मचारी ज्यादा खुशकिस्मत साबित हुए हैं। इनको लेकर अब भविष्य में भी महंगाई भत्ते का भुगतान भारत सरकार की नोटिफिकेशन के साथ ही हो जाया करेगा। ऐसे आदेश वित्त विभाग ने जारी कर दिए हैं।
