नहीं आई HRTC के सेवानिवृत कर्मचारियों की पेंशन, अब तक चल रहा इंतजार
अब तक चल रहा इंतजार, सरकार से दो करोड़ की दरकार
सचिवालय में घूम रही फाइल, पैसे का इंतजाम नहीं
अभी नाइट ओवर टाइम का भी चल रहा इंतजार
संदीप भारद्वाज ट्राइबल टुडे
हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम के रिटायर कर्मचारियों को अब तक पेंशन के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। बुधवार को भी इन सेवानिवृत कर्मियों की पेंशन उनके खाते में नहीं आई। बताया जाता है कि सरकार से जो वांछित धनराशि एचआरटीसी को चाहिए थी वो नहीं मिल पाई है जिसके चलते इन रिटायर कर्मियों की दीपावली भी फीकी रही और अब तक इनको पेंशन नहीं आई है। इन सेवानिवृत कर्मचारियों को 6 नवंबर को भी पेंशन का इंतजार ही रहा जिसके बाद इनकी नाराजगी काफी ज्यादा बढ़ गई है। निगम ने भैयादूज व दीपावली के मौके पर रिकॉर्ड कमाई तो की लेकिन अपने सेवानिवृत कर्मियों को पेंशन नहीं दे पाया। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि निगम के पास पैसा नहीं है। इस महीने एचआरटीसी को सरकार से जो पैसा आना चाहिए था वो पूरी तरह से नहीं मिल पाया। सरकार ने एचआरटीसी को पहले 60 करोड़ की ग्रांट जारी की। निगम ने 5 करोड़ की अतिरिक्त ग्रांट मांगी। इसमें से केवल 3 करोड़ ही जारी किया गया। निगम प्रबंधन ने 2 करोड़ का अतिरिक्त बजट मांगा है। कम राशि मिलने पर निगम केवल वेतन का ही खर्चा निकाल पाया और निगम ने अपने कर्मचारियों को वेतन की अदायगी पहले ही कर दी। राज्य सरकार ने सभी पेंशनरों को दीपावली से पहले 28 तारीख को ही पेंशन देने का वायदा किया था लेकिन 28 अक्टूबर तो दूर 6 नवंबर को भी पेंशन नहीं मिल पाई है। रिटायर कर्मियों ने इसपर नाराजगी जताई है और वो इस आलम में निगम के खिलाफ सडक़ों पर उतरने की तैयारी में है। इनमें लगातार रोष बढ़ रहा है और हर महीने इस तरह के व्यवहार से यह लोग खिन्न हंै।
