chambaHimachal Pradesh

चंबा में मरीजों को राहत…फटाफट होंगे एक्स-रे

Spread the love

उपायुक्त मुकेश रेप्सवाल ने किया पोर्टेबल एक्स-रे मशीन का लोकार्पण

विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे
उपायुक्त मुकेश रेप्सवाल ने शुक्रवार को हुडको की ओर सीएसआर के तहत स्वास्थ्य विभाग चंबा को उपलब्ध करवाई गई 28 लाख रुपए की लागत की हैंड हेल्ड पोर्टेबल टीबी एक्स-रे मशीन का सीएमओ कार्यालय के सभागार में विधिवत तरीके से लोकार्पण किया। इस मौके पर हुडको के कार्यकारी निदेशक राजीव शर्मा भी विशेष तौर से मौजूद रहे। उपायुक्त मुकेश रेप्सवाल ने आकांक्षी जिला चंबा को सीएसआर के तहत स्वास्थ्य विभाग को हैंडहेल्ड पोर्टेबल एक्स-रे मशीन उपलब्ध करवाने के लिए हुडको व कंपनी के कार्यकारी निदेशक (सीएसआर) राजीव शर्मा का विशेष आभार व्यक्त किया। उपायुक्त चंबा ने कहा कि बेहद कम वजनी होने के कारण यह मशीन जिला चंबा के दूरदराज क्षेत्रों में टीबी रोग से संबंधित रोगियों की जांच के लिए मददगार साबित होगी। इसके अलावा इस मशीन का इस्तेमाल सात दिसंबर 2024 से 100 दिनों तक चलने वाले टीबी उन्मूलन अभियान के लिए भी किया जाएगा। उन्होंने आशा व्यक्ति की कि भविष्य में भी हुडको की ओर से जिला चंबा को पूर्व की भांति साकारात्मक सहयोग जारी रहेगा। मुख्य चिकित्साधिकारी चंबा डा. विपिन ठाकुर ने बताया कि हुडको की ओर से हैंडहेल्ड पोर्टेबल एक्स-रे मशीन जिला चंबा में सरकार के टीवी उन्मूलन अभियान में रोगियों की जांच के लिए कारगर सिद्ध होगी।
उन्होंने उपायुक्त चंबा से सिविल अस्पताल चुवाड़ी के लिए एकस-रे मशीन तथा तीसा अस्पताल के लिए एक ईसीजी मशीन सीएसआर के माध्यम से उपलब्ध करवाने का अनुरोध किया। हुडको के कार्यकारी निदेशक (सीएसआर) राजीव शर्मा ने बताया कि हेल्थ एंड न्यूट्रिशन कार्यक्रम के तहत देश में टीबी उन्मूलन अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से जिला चंबा में स्वास्थ्य विभाग को यह पोर्टेबल हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीन उपलब्ध करवाई गई है। शीघ्र ही स्वास्थ्य विभाग को एक और मशीन भी हुडको की ओर से प्रदान की जाएगी। राजीव शर्मा ने जानकारी दी कि इस सहयोग के अतिरिक्त हुडको की ओर से आकांक्षी जिला चंबा में मेडिकल कालेज के लिए एक करोड़ रुपए की लागत के चिकित्सा उपकरण तथा फर्नीचर इत्यादि देने की स्वीकृत प्रदान की गई है। इस अवसर पर हुडको के सहायक महाप्रबंधक अजय अरोडा व वरिष्ठ प्रबंधक आशीष गोयल, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डाक्टर जालम सिंह भारद्वाज व जिला कार्यक्रम अधिकारी डाक्टर हरित पुरी सहित स्वास्थ्य विभाग का स्टाफ मौजूद रहा।