डिप्टी CM मुकेश अग्रिहोत्री ने दिखाए तीखे तेवर, भाजपा को ललकारा, अफसरशाही को फटकारा
विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे
बिलासपुर में सरकार के कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्रिहोत्री ने दिखाए तीखे तेवर
बिलासपुर में प्रदेश सरकार के दो साल के कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्रिहोत्री ने भाजपा पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने अफसरशाही को भी खूब फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार किसी भी सूरत में नहीं गिरेगी। साथ ही अधिकारी, कर्मचारी भी बंद कमरे में इस तरह की चर्चाएं करने पर पूरी तरह से विराम लगाएं। उन्होंने भाजपा नेताओं को चेताया कि यदि भाजपा में दम है कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार को गिराकर दिखाएं। वेतन, पेंशन को लेकर उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर को चेताया कि यदि पूर्व मुख्यमंत्री एक भी कर्मी, पेंशनर का नाम बता दें कि वेतन, पेंशन नहीं मिला है, तो वह राजनीति से इस्तीफा दे देंगे या फिर जयराम ठाकुर इस्तीफा दें।
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्रिहोत्री ने बिलासपुर में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा हिंदुत्व के नाम लोगों को ठगने का काम कर रही है। उन्होंने राष्ट्रीय नेतृत्व सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, डा. मल्लिकार्जुन खडग़े का आभार जताते हुए कहा कि प्रदेश में सरकार बनाने के लिए केंद्रीय नेतृत्व का सहयोग रहा है।
कांग्रेस रहेगी, तो ओपीएस भी रहेगी
मुकेश अग्रिहोत्री ने कहा कि प्रदेश के भाजपा नेता अब कांग्रेस सरकार को बदनाम करने में जुटे हुए हैं, लेकिन जनता इनकी कार्यप्रणाली से भलिभांति अवगत हो चुकी है। प्रदेश सरकार के कर्मचारियों को ओपीएस सुविधा दी है। सरकार और कर्मचारियों में बेहतर संबंध कायम हैं। प्रदेश में कांग्रेस सरकार रहेगी, तो ओपीएस भी रहेगी।
