नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर का वार, विपक्ष से बचने को छोटा कर दिया विंटर सेशन
विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार प्रदेश के मुद्दों पर बात नहीं करना चाहती। इसलिए वह विपक्ष का सामना करने से डर रही है। तभी विधानसभा का सत्र बहुत छोटा रखा गया है। इस बार हिमाचल के इतिहास का सबसे छोटा विधानसभा सत्र रखा है। मात्र चार दिन में प्रदेश के इतने मुद्दों पर कैसे बात होगी? उनके मुद्दे कैसे हल होंगे। सुनने में आ रहा है कि सत्र के चार दिनों में से एक या दो दिन मुख्यमंत्री स्वयं नहीं रहेंगे, तो किस बात का सत्र आयोजित किया जा रहा है? क्या मुख्यमंत्री की व्यस्तताओं के हिसाब से सत्र नहीं रखा जाना चाहिए था? सदन में जनता के मुद्दों पर बात होती है। प्रदेश की समस्याओं के हल के निकाले जाते हैं, ऐसे में सिर्फ कोरम पूरा करने कि लिए विधानसभा का सत्र आयोजित करना निंदनीय है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार विधानसभा सत्र का समय बढ़ाए जिससे ज़्यादा समय मिल सके। प्रदेश में सरकार की नाकामियों की वजह से मुद्दों की भरमार है। हर वर्ग सरकार की नाकामियों की वजह से ख़ुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है। सरकार अपनी एक भी गारंटी को पूरा नहीं कर पाई है। जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार की अपरिपक्वता और प्रतिशोध की राजनीति की कीमत प्रदेश के लोगों को चुकानी पड़ रही है। जो ‘फुल फ्लेज्ड’ एसडीएम ऑफिस सुन्नी में भाजपा सरकार द्वारा खोलने की तीन जून, 2022 को घोषणा की गई थी, कैबिनेट द्वारा सितंबर, 2022 में भी इसे स्वीकृत किया गया। सभी प्रकार की परमिशन के लिए आवेदन कर दिया गया था। सारी प्रकिया पूरी होने के बाद भी सुक्खू सरकार एसडीएम ऑफिस को नोटिफाई करने के बजाय उसे ठंडे बस्ते में डाल दिया था।
