केंद्रीय योजनाओं पर तेजी से काम करें अफसर, समीक्षा बैठक के दौरान सीएम सुक्खू के निर्देश
विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे
समीक्षा बैठक के दौरान सीएम सुक्खू के निर्देश, प्रदेश हित में नए प्रोजेक्ट बनाने को भी कहा
धर्मशाला में विधानसभा के शीतकालीन सत्र को पूरा करने के बाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने वापस कमान संभाल ली है। रविवार को भी सीएम सचिवालय गए थे, मगर सोमवार को उन्होंने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक का दौर शुरू किया। सोमवार को सीएम ने केंद्र सरकार द्वारा प्रायोजित योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को विभिन्न विभागों द्वारा क्रियान्वित की जा रही परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि प्रदेश के लोग इनसे लाभान्वित हो सकें। प्रदेश के हितों को ध्यान में रखते हुए उन्होंने नई परियोजनाएं बनाने और इन्हें प्राथमिकता प्रदान करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने समाज कल्याण, अन्य पिछड़ा वर्ग तथा जनजातीय एवं महिला कल्याण, प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना और कृषि संबंधी केंद्र द्वारा प्रायोजित योजनाओं के क्रियान्वयन और उनकी प्रगति की समीक्षा की।
मुख्यमंत्री ने लोगों को इन योजनाओं का अधिकतम लाभ सुनिश्चित करने के लिए इन्हें समयबद्ध पूर्ण करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि इससे इन परियोजनाओं की लागत वृद्धि से बचा जा सकता है और इससे प्रदेश के विकास को भी गति मिलेगी। राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, अतिरिक्त मुख्य सचिव ओंकार चंद शर्मा, प्रधान सचिव देवेश कुमार, सचिव सी पालरासू, राकेश कंवर, आशीष सिंघमार, राजेश शर्मा, राखिल काहलों, मुख्यमंत्री के ओएसडी गोपाल शर्मा बैठक में उपस्थित रहे, जबकि मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना और सचिव अभिषेक जैन वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
