Himachal Pradesh

उद्योगपतियों का उत्पीडऩ नहीं होगा बर्दाश्त, धमकाने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा

Spread the love

विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे

मुख्यमंत्री सुक्खू की दो टूक, उद्योगों को धमकानों वालों से सख्ती से निपटा जाएगा
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने साफ कहा है कि प्रदेश में उद्योगपतियों का उत्पीडऩ या उन्हें धमकाने के मामलों को बिलकुल भी सहन नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में सरकार गंभीरता से त्वरित कार्रवाई करेगी। सोमवार को राज्य के औद्योगिक संघ के एक प्रतिनिधिमंडल ने शिमला में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू से भेंट करके उनसे अपने महत्त्वपूर्ण मसलों पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने उनकी मांगों को ध्यानपूर्वक सुना। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में उद्योगों को सुविधाएं प्रदान कर रही है और उद्योग हितैषी वातावरण स्थापित किया जा रहा है। उद्योगों को दी जाने वाली किसी प्रकार की धमकी या उत्पीडऩ से सख्ती से निपटा जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश को 31 मार्च, 2026 तक हरित ऊर्जा राज्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में प्रदेश में हरित उद्योगों को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने उद्यमियों से प्रदेश में सूचना प्रोद्यौगिकी क्षेत्र, खाद्य प्रसंस्करण, पर्यटन और जल विद्युत ऊर्जा जैसे हरित ऊर्जा क्षेत्रों में निवेश करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन सबसे बड़ी चुनौती है और हरित पहल ग्लोबल वार्मिंग के प्रभावों को कम करने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। इस अवसर पर उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान और इंडस्ट्रीलिस्ट एसोसिएशन के प्रतिनिधि मौजूद थे।