खाई में समाई आर्मी की गाड़ी, पांच जवान शहीद, पांच अन्य जवान अस्पताल में भर्ती
विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे
एलओसी के पास हादसा, गंभीर रूप से घायल पांच अन्य जवान अस्पताल में भर्ती
जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिला में मंगलवार शाम सेना का एक वाहन अनियंत्रित होकर करीब 150 फुट गहरी खाई में गिर गया, जिससे उसमें सवार पांच जवानों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर घायल हैं। हादसे को लेकर पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मंगलवार को शाम पांच बजकर 40 मिनट पर 11 मराठा लाइट इन्फेंट्री का एक सेना वाहन, जो नीलम मुख्यालय से एलओसी के पास बलनोई घोरा पोस्ट की ओर जा रहा था, घोरा पोस्ट के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। उन्होंने कहा कि वाहन लगभग 150 फुट गहरी खाई में गिर गया, जिससे चालक सहित 10 सैनिक गंभीर रूप से घायल हो गए। 11 मराठा लाइट इन्फेंट्री की एक त्वरित प्रतिक्रिया टीम और मनकोट से एक पुलिस दल घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया। इलाज के दौरान पांच जवानों की मौत हो गई, जबकि बाकियों का इलाज किया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि सभी जवान शाम को लाइन ऑफ कंट्रोल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बलनोई इलाके में घोड़ा पोस्ट के पास ड्राइवर के संतुलन खोने की वजह से 11 एमएलआई की सैन्य गाड़ी घोरा पोस्ट पर पहुंचते ही दुर्घटनाग्रस्त हो गई। भारतीय सेना की व्हाइट नाइट कोर ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर लिखा व्हाइट नाइट कोप्र्स के सभी रैंक के जवान पुंछ सेक्टर में ऑपरेशनल ड्यूटी के दौरान एक वाहन दुर्घटना में पांच बहादुर सैनिकों की दुखद मौत पर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। बचाव अभियान जारी है और घायल कर्मियों को चिकित्सा देखभाल मिल रही है। इससे पहले नवंबर में दो अलग- अलग घटनाओं में पांच जवानों की मौत हो गई थी। चार नवंबर को राजौरी में सडक़ हादसे में दो जवानों की जान चली गई थी।
