Himachal Pradesh

CM सुक्खू ने छोड़ी बिजली सबसिडी, कैबिनेट मंत्री-कांग्रेस विधायक भी सबसिडी छोडऩे का भरेंगे फार्म

Spread the love

विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे

नए साल पर अपने आधिकारिक आवास पर बुलाई प्रेस वार्ता में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपने निजी आवास पर लगे सभी बिजली मीटरों पर मिलने वाली सबसिडी छोडऩे की घोषणा की है। उन्होंने इस संबंध में हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड के अध्यक्ष संजय गुप्ता को एक फार्म भर कर सौंपा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके नाम पर पांच बिजली के मीटर हैं और वह सबसिडी छोड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में ऐसे कई सुविधा संपन्न लोग हैं, जिनके नाम पर कई मीटर हैं। उन्होंने सभी को स्वेच्छा से बिजली सबसिडी छोडऩे की अपील की। सीएम ने प्रदेश के समर्थ एवं संपन्न बिजली उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए राज्य सरकार के प्रयासों में भागीदार बनें और प्रदेश के विकास के लिए बिजली पर मिलने वाली सबसिडी का स्वेच्छा से परित्याग करें। इच्छुक उपभोक्ता बोर्ड द्वारा जारी किए गए विभिन्न माध्यमों से इस सबसिडी का परित्याग करने के लिए आवेदन कर सकते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश मंत्रिमंडल के सभी सदस्यों और कांग्रेस विधायकों से इस बारे में विस्तृत चर्चा हुई है और सभी ने सबसिडी छोडऩे पर सहमति जताई है। वे भी जल्द इस बारे में फार्म भरेंगे।
सीएम ने कहा कि राज्य सरकार जरूरतमंदों को सबसिडी जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि बिजली बोर्ड के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के वेतन और पेंशन पर 200 करोड़ रुपए प्रति माह खर्च किए जा रहे हैं। राज्य सरकार व्यवस्था परिवर्तन से हिमाचल प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाना चाहती है। सरकार के निणयों से प्रदेश की अर्थव्यवस्था पटरी पर आ रही है।