डलहौजी बनेखेत मे जीएम हत्या मामले में सीबीआई जांच की मांग
विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे
परिजनों ने होटल के कर्मचारी की भूमिका पर जताया संदेह, आरोपी नामजद करने की कही बात
डलहौजी-बनीखेत मार्ग पर स्थित निजी होटल में जनरल मैनेजर की हत्या के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतक के परिजनों ने पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाते हुए घटना की सीबीआई जांच की मांग उठाई है। परिजनों ने साथ ही घटना में होटल के एक कर्मचारी की भूमिका पर संदेह जाहिर करते हुए मामले में आरोपी नामजद करने की बात कही है। परिजनों का आरोप है कि होटल का एक कर्मचारी लगातार आरोपियों के संपर्क में था। आरंभिक जांच के दौरान इस होटल कर्मचारी ने परिजनों को गुमराह करने का प्रयास किया। गुरुवार को मृतक राजिंद्र कुमार के शव का मेडिकल कालेज चंबा में फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम की देखरेख में पोस्टमार्टम करवाया गया। दोपहर बाद राजिंद्र कुमार का हिंदू रीति रिवाज के मुताबिक अंतिम संस्कार भी कर दिया। राजिंद्र कुमार की दुखद मौत पर अफसोस जाहिर करते हुए डलहौजी कैंट के कारोबारियों ने अपनी दुकानें बंद रखीं। इसके साथ ही होटल एसोसिएशन डलहौजी ने मृतक राजिंद्र कुमार के परिजनों की आर्थिक मदद का फैसला भी लिया है।
इसी बीच हत्या के मामले की जांच हेतु गठित एसआईटी ने आरोपी पुलिस जवानों का मेडिकल करवाने की औपचारिकताएं पूर्ण कर ली हैं। आरोपियों को पुलिस रिमांड हेतु शुक्रवार को अदालत में पेश किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि नववर्ष की रात्रि बनीखेत के एक निजी होटल में पुलिस जवानों की होटल स्टाफ से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। इस दौरान पुलिस जवान होटल के फ्रंट आफिस इंचार्ज से उलझ पड़े। पुलिस जवानों व फ्रंट आफिस इंचार्ज को उलझता देख जीएम राजिंद्र कुमार बीच-बचाव के लिए आगे आए।
