National

भारत से ब्रह्मोस खरीदेगा इंडोनेशिया, रिपब्लिक डे पर आ रहे राष्ट्रपति प्रबोवो फाइनल करेंगे डील

Spread the love

रिपब्लिक डे पर आ रहे राष्ट्रपति प्रबोवो फाइनल करेंगे डील, फिलिपींस-वियतनाम पहले ही खरीद चुके हैं मिसाइल

विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे

भारत की ब्रह्मोस मिसाइलों की दुनिया भर में डिमांड बढ़ रही है। कभी हथियारों के सबसे बड़े आयातक रहे भारत के लिए यह बड़ी सफलता है। इस बीच इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो भी रिपब्लिक डे के मौके पर भारत आ रहे हैं। दुनिया के सबसे बड़े मुस्लिम देश के राष्ट्राध्यक्ष के साथ भारत कई समझौते कर सकता है। इनमें से एक समझौता ब्रह्मोस मिसाइलों को लेकर भी होने वाला है। भारत और रूस ने मिलकर इन मिसाइलों को तैयार किया है, जिनकी डिमांड कई देशों से की गई है।

माना जा रहा है कि इस दौरे में इंडोनेशियाई राष्ट्रपति ब्रह्मोस मिसाइल को लेकर करार करेंगे और अगले कुछ सालों में उन्हें डिलीवरी दी जाएगी। इंडोनेशिया के 400 सैनिक भी दिल्ली में आयोजित होने वाली गणतंत्र दिवस परेड में हिस्सा लेंगे। यह भी ऐतिहासिक है क्योंकि आज तक किसी भी मेहमान देश ने इतने सैनिकों को गणतंत्र की परेड में हिस्सा लेने के लिए नहीं भेजा है। दक्षिण पूर्व एशिया में इंडोनेशिया ऐसा तीसरा देश है, जो भारत से ब्रह्मोस मिसाइलों की डील करेगा। इससे पहले फिलीपींस ने भारत से इन मिसाइलों को खरीदा है।

मिसाइल की खासियत

ब्रह्मोस मिसाइल की खासियत यह है कि इसे जल, जमीन और हवा से लॉन्च किया जा सकता है। यह मिसाइल दुश्मन को करीब 650 किलोमीटर दूर तक मार गिरा सकती है। यह दूर से ही अपने तय लक्ष्य को भेद सकती है। खास बात यह है कि यह मिसाइल इस तरह से डिजाइन की गई है कि सैकड़ों किलोमीटर की दूरी तक लक्ष्य को भेदने के दौरान भी वह रास्ता न भटके। यह मिसाइल समुद्र से लेकर ऊंचे पर्वतों तक पर दुश्मन के ठिकानों को भेद सकती है।