Himachal Pradesh

Himachal News: CM सुक्खू जंगल बचाने और लगाने के लिए लाए नई योजना, आप भी जानिए

Spread the love

विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे

महिलाएं पौधे लगाएं, पैसे भी कमाएं

हिमाचल प्रदेश में आने वाले समय में जंगलों को बचाने और जंगल लगाने का काम महिलाओं व युवक मंडलों को सौंपा जाएगा। गांव के स्वयं सहायता समूह के तहत महिलाएं पौधे लगाएंगी और उनकी देखरेख करेंगी, जिनको सरकार आमदनी का साधन भी देगी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने यह ऐलान किया है और कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए सरकार कई बड़े कदम उठाएगी। शुक्रवार को सीएम ने ओकओवर से महिलाओं को हिम ईरा वाहनों के साथ रवाना किया, जो जगह-जगह पर लोगों को हिमाचली उत्पाद बेचेंगे और स्वादिष्ट भोजन भी करवाएंगे। एक बड़ा समूह हिमाचल प्रदेश में यह काम संभालेगा। ग्रामीण विकास विभाग के तहत ग्रामीण आजीविका मिशन ने हिम ईरा नाम से अपनी ई-वेबसाइट की लांचिंग शुक्रवार को मुख्यमंत्री सुक्खू से करवाई। ई-कॉमर्स वेबसाइट के शुभारंभ के मौके पर सीएम ने कहा कि इसके माध्यम से प्रदेश के 44 हजार स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी 3,50,000 से अधिक ग्रामीण महिलाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पाद लोगों तक पहुंचेंगे। इस वेबसाइट से स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को वैश्विक मंच उपलब्ध होगा, जिससे ग्रामीण कारीगरों और उद्यमियों के उत्पादों को विस्तार मिलेगा और ऑनलाइन बिक्री के माध्यम से उनकी आर्थिकी भी सुदृढ़ होगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास विभाग के तहत हिमाचल प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ग्रामीण महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में उल्लेखनीय कार्य कर रहा है।

मुख्यमंत्री ने स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को आय सृजन के अधिक अवसर उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से सात फूड वैन को झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने मिशन के अंतर्गत आर्थिक रूप से स्वावलंबी महिलाओं की सफलता की प्रेरक कहानियों की एक पुस्तिका का भी विमोचन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिम ईरा महिला सशक्तिकरण की एक मिसाल है और आने वाले समय में इसे और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि हिम ईरा के उत्पादों को प्रदर्शित करने और उनकी बिक्री के लिए प्रदेश सरकार, सरकारी भवनों में इन उत्पादों के लिए एक समर्पित दुकान उपलब्ध करवाएगी। ओक ओवर में इस समारोह के दौरान नगर निगम शिमला के महापौर सुरेंद्र चौहान, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार मीडिया नरेश चौहान, पूर्व विधायक सोहन लाल, कांग्रेस नेता प्रदीप वर्मा, सचिव राजेश शर्मा, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग के निदेशक राघव शर्मा, एनआरएलएम के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शिवम प्रताप सिंह और अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे। इस अवसर पर ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार गरीब व वंचित वर्गों को ध्यान में रखते हुए नीतियों और योजनाओं का क्रियान्वयन सुनिश्चित कर रही है। उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में किए जा रहे कार्यों के लिए मुख्यमंत्री द्वारा उन पर विश्वास व्यक्त करने के लिए आभार व्यक्त किया।