कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर NHAI ने मचाई लूट, कार सवार को 460, बस वाले को चुकाना पड़ रहा इतना टोल
विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे
आधे-अधूरे रोड पर ड्राइविंग के लिए कार सवार को 460, तो बस वाले को चुकाना पड़ रहा 1590 रुपए टोल टैक्स
कीरतपुर-मनाली फोरलेन अभी पूरी तरह से बन कर तैयार नहीं हुआ है, लेकिन इसके बावजूद एनएचएआई ने लूट मचा रखी है। इस मार्ग पर लोगों को भारी भरकम टोल टैक्स चुकाना पड़ रहा है। मनाली से चंडीगढ़ तक सफर अब बेशक पहले से सुखद व आसान तो हुआ है, लेकिन पहले से कहीं अधिक महंगा हो गया है। कार के जरिए मनाली से चंडीगढ़ पहुंचते-पहुंचते ही 460 रुपए टोल टैक्स के लिए चुकाने पड़ रहे हैं, जबकि ट्रक और बस मालिकों को 1590 रुपए टोल टैक्स के रूप में देने पड़ रहे हैं। ऐसे ही हल्के कॉमॢशयल वाहनों से 755 रुपए टोल टैक्स लिया जा रहा है। कीतरपुर के बाद मनाली तक एनएचएआई चार टोल बैरियर स्थापित कर चुका है। इससे इस रास्ते पर न सिर्फ सफर महंगा हुआ है, बल्कि टोल प्लाजा के आसपास की पंचायतों के लोगों से तो खुली लूट की जा रही है। अपने रिश्तेदारों व किसी काम से दूसरे कस्बे में जाने पर लोगों को अपनी ही जमीन का शुल्क देना पड़ रहा है।
एनएचएआई द्वारा स्थापित टोल प्लाजा बैरियर बलोह, रायसन और टकोली में स्थानीय लोगों से खुलेआम लूट हो रही है। हालांकि एनएचएआई ने कुछ पंचायतों को इससे छूट भी दी है, लेकिन इसके बाद भी बड़े स्तर पर स्थानीय लोग अपने ही रिश्तेदारों के घर जाने के लिए एनएचएआई को ‘लगान’ दे रहे हैं। इसको लेकर इन सभी टोल बैरियर का लोग विरोध भी जता चुके हैं। ऐसे ही विरोध के चलते एनएचएआई को टकोली टोल प्लाजा बैरियर बंद करना पड़ा था, लेकिन इसे भी अब बीते सोमवार से फिर से शुरू कर दिया गया है।
