chambaHimachal Pradesh

एनजीओ द्वारा किया जा रहा लोगों को जागरूक….

Spread the love

विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे

सुविधा एनजीओ द्वारा एसबीआई ग्राम सेवा कार्यक्रम के तहत कीड़ी, सरोल, रौणी, बंजल और लग्गा गांवों में आयोजित वित्तीय साक्षरता शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस पाँच दिवसीय कार्यक्रम में कुल 171 ग्रामीणों ने सक्रिय भागीदारी दिखाई और वित्तीय प्रबंधन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं।
इस शिविर में श्री प्रवीन वर्मा (वित्तीय सलाहकार, सीएफएल), शिवम बहुगुणा (प्रबंधक, हिमाचल प्रदेश ग्रामीण बैंक), श्री पर्विंदर ठाकुर (जिला समन्वयक, सीएफएल), ज्योति शर्मा और ज्योति मंडला (सीएफएल प्रतिनिधि) की उपस्थिति रही। उन्होंने ग्रामीणों को बचत, निवेश, डिजिटल बैंकिंग, सरकारी योजनाओं और वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव के विषयों पर जागरूक किया।
शिविर के दौरान सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। ग्रामीणों को प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और अटल पेंशन योजना के लाभों के बारे में समझाया गया। शिविर के माध्यम से विभिन्न योजनाओं के लिए कुल 51 फॉर्म भरे गए, जिनमें शामिल हैं:
प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना – 36 फॉर्म
प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना – 11 फॉर्म
अटल पेंशन योजना – 4 फॉर्म
शिविर के दौरान विशेषज्ञों ने ग्रामीणों को बचत की आदत विकसित करने, विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने, डिजिटल भुगतान और मोबाइल बैंकिंग के सुरक्षित उपयोग के बारे में जानकारी दी। ग्रामीणों ने इस पहल में बढ़-चढ़कर भाग लिया और विशेषज्ञों से अपने वित्तीय प्रश्नों के समाधान प्राप्त किए।
इस शिविर का आयोजन सुविधा एनजीओ द्वारा किया गया, जिसमें परियोजना प्रबंधक हरीश सिंह, सोनी बिष्ट, ललित मोहन कांडपाल, करन शर्मा सहित अन्य परियोजना कर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने ग्रामीणों को प्रशिक्षण सामग्री वितरित की और उन्हें वित्तीय योजनाओं को बेहतर ढंग से समझने में सहायता की।
हर गांव में एक दिवसीय सत्र आयोजित किया गया, जिसमें सीएफएल के विशेषज्ञों ने ग्रामीणों को वित्तीय स्वतंत्रता और जागरूकता के महत्व को समझाया। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना की और कहा कि ऐसे कार्यक्रम उन्हें आत्मनिर्भर बनने में मदद करते हैं।
शिविर के समापन अवसर पर सुविधा एनजीओ के हरीश सिंह द्वारा सीएफएल के सभी विशेषज्ञों और ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण भारत को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए इस तरह के जागरूकता अभियान अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। भविष्य में भी इसी तरह के कार्यक्रम आयोजित कर ग्रामीणों में जागरूकता फैलाने के प्रयास किये जाते रहेंगे।