जेबीटी अध्यापक पर छात्रा को बेरहमी से पीटने का आरोप चंबा जिले के कीरी प्राथमिक स्कूल में दिल दहला देने वाली घटना
विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे
चंबा जिले के कीरी गांव के एक सरकारी प्राथमिक स्कूल में एक जेबीटी अध्यापक पर छात्रा को बेरहमी से पीटने का गंभीर आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि मासूम बच्ची की गलती सिर्फ इतनी थी कि कम हाइट के कारण वह ब्लैकबोर्ड पर नहीं लिख पा रही थी, जिससे नाराज होकर शिक्षक ने उसे बुरी तरह पीट दिया।
परिजनों का आरोप है कि राजनीतिक रसूख रखने वाले शिक्षक के परिजनों ने इस मामले को दबाने का प्रयास किया। बच्ची को इलाज के लिए ले जा रही एंबुलेंस को जबरदस्ती रास्ते में रोका गया, जिससे मासूम को अस्पताल पहुंचाने में देरी हुई। घंटों तक बच्ची बेहोश रही, लेकिन उसे समय पर इलाज तक नहीं मिल सका।
परिवार पर समझौते का दबाव
पीड़िता के परिवार पर मामले को रफा-दफा करने का दबाव बनाया जा रहा है। स्थानीय लोग इस घटना से बेहद आक्रोशित हैं और दोषी शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
इस गंभीर मामले पर प्रशासन और शिक्षा विभाग की क्या प्रतिक्रिया होगी, यह देखने वाली बात होगी।
