कुल्लू में जला मकान, आठ लाख स्वाह, गांव में अफरा-तफरी का माहौल
विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे
लगघाटी मड़घन में अग्रिकांड, गांव में अफरा-तफरी का माहौल
कुल्लू के साथ लगते लगघाटी के मड़घन गांव में एक मकान में आग लगने के कारण लाखों का नुकसान हुआ है। गुरुवार दोपहर के समय घर में अचानक लगी आग से गांव में भी अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। आगजनी की घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के लोग भी मदद के लिए पहुंचे, लेकिन मकान पूरी तरह से राख के ढेर में तबदील हो गया। जानकारी के अनुसार प्रभावित राम लाल व मोती लाल पुत्र फागनु राम तथा केहरी देवी पत्नी स्वर्गीय भंडारी लाल के अढ़ाई मंजिला लकड़ी का सलेटपोश साझा मकान में आग लगी है, जिस पर अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों द्वारा स्थानीय लोगों की मदद से काबू पाया गया। इस आगजनी में मकान पूरी तरह से जल गया है।
आगजनी में किसी भी जानी नुकसान की सूचना नहीं है। आगजनी में करीब आठ लाख रुपए के नुकसान का अनुमान है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। वहीं, पुलिस ने मामला दर्ज कर आग लगने का कारणों का पता लगाने में जुट गई है।
शिमला में पर्यटन विभाग की वर्कशॉप में भडक़ी आग
शिमला। शिमला के साथ लगते चक्कर बाइपास के पास पर्यटन विभाग की वर्कशॉप में गुरुवार देर शाम को अचानक आग लग गई। वर्कशॉप में भडक़ी आग की लपटें उठती देख लोगों में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। वर्कशॉप का भवन आग की भेंट चढ़ गया। इस घटना से लाखों रुपए के नुकसान की संभावना जताई जा रही है। वर्कशॉप में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। यह दुर्घटना उस समय पेश आई जब वर्कशाप बंद थी। अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंची और देररात तक आग बुझाने का काम चलता रहा।