Himachal PradeshShimla

शिमला के साईं बाबा मंदिर में चोरी, एक किलो चांदी का सिंहासन ले उड़े चोर

Spread the love

विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे

चोरों ने आधी रात को मंदिर का ताला तोड़कर प्रवेश किया और करीब एक किलो चांदी का सिंहासन लेकर फरार हो गए। इसके अलावा चांदी का छत्र, आशीर्वाद मुकुट और कुर्सी के किनारे लगे चांदी के सजावटी सामान भी चोरी हो गए।
शिमला में चोरी का मामला।
राजधानी शिमला के उपनगर चक्कर में साईं बाबा के मंदिर से चोर चांदी के एक किलो के सिंहासन सहित लाखों का सामान चुरा ले गए। इस मंदिर में पहले भी एक बार चोरी हो चुकी है। मंदिर में लगे सीसीटीवी फुटेज में दो लोगों की तस्वीरें कैद हुई हैं लेकिन दोनों नकाब पहने हुए हैं। इस वजह से उनकी पहचान नहीं हो पा रही। पुलिस ने सूचना मिलते ही घटनास्थल का निरीक्षण कर इस संबंध में केस दर्जकर जांच शुरू कर दी है
चोरों ने मंदिर से साईं बाबा की मूर्ति के पास रखे चांदी के सिंहासन, छत्र, आशीर्वाद मुकुट और कुर्सी के किनारे लगे चांदी के सजावटी सामान को चुरा लिया है। शिकायतकर्ता विनय चंदला ने बताया कि चोरी की यह वारदात 4 मार्च की रात करीब 12:50 बजे हुई है। सुबह जब श्रद्धालु और पुजारी मंदिर पहुंचे तो उन्होंने मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ पाया। उन्होंने मामले की सूचना बालूगंज पुलिस स्टेशन में दर्ज करवाई। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। हैरानी की बात यह है कि चोरों ने मंदिर में रखे दानपात्रों से कोई छेड़छाड़ नहीं की है। पुलिस को उम्मीद है कि फुटेज से चोरों की पहचान करने में मदद मिलेगी। पुलिस मामले को लेकर संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर रही है।
मंदिर में चोरी की यह पहली घटना नहीं है। तीन साल पहले इसी मंदिर में चोरी की वारदात सामने आ चुकी है।