बलूच लड़ाकों के दिए जख्मों से हिला पाक, सेना ने सभी विद्रोहियों को मार गिराने का किया दावा
सेना ने सभी विद्रोहियों को मार गिराने का किया दावा; बीएलए बोली, झूठ बोल रही सरकार
पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में बलूच लड़ाकों ने ट्रेन हाईजैक कर और इस दौरान 100 से ज्यादा सैनिकों को मारकर जो जख्म पाकिस्तान को दिए, उससे पूरा देश हिल गया है। हालांकि घटना के 36 घंटे बाद पाक सेना ने दावा किया कि उसने सभी 33 बलूच हमलावरों को मार गिराया है और बंधकों को छुड़ा लिया है। इस दौरान 21 नागरिकों की मौत हुई, जबकि चार बंधक मारे गए हैं। लड़ाकों से किसी भी तरह का समझौता करने के पक्ष में हम नहीं थे और आतंकियों के खिलाफ ऐसी ही सख्त कार्रवाई की जाएगी। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा कि ट्रेन हाईजैक की निंदा करते हुए इसे आतंकी घटना करार दिया और कहा कि सेना ने एक्शन लेते हुए दर्जनों आतंकियों को जहन्नुम भेज दिया है। उधर, बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी ने कहा कि पाकिस्तान सरकार झूठ बोल रही है। बलूच लिबरेशन आर्मी ने 100 सेे ज्यादा पाकिस्तानी सैनिकों को मार गिराने का दावा किया है।
बलोच आर्मी का कहना है कि सभी पाकिस्तानी सैनिक अभी हमारे कब्जे में हैं। पाक सेना और उससे जुड़े करीब 200 लोगों को हमने अपने पास रखा हुआ है, लेकिन पाकिस्तान की सरकार फेक खबरें फैलाने में लगी हुई है। हम आखिरी बार चेतावनी दे रहे हैं। अगर मांगें नहीं मानी गईं, तो हर घंटे पांच पाकिस्तानी सैनिकों को मार देंगे। इसी बीच, बुधवार को पाकिस्तानी सरकार ने बलूचिस्तान में 200 से ज्यादा ताबूत भेजे हैं। मीडिया रिपोट्र्स के मुताबिक ताबूत भेजने का फैसला प्रोटोकॉल के तहत लिया गया है, ताकि एमरजेंसी हालात में इनका इस्तेमाल किया जा सके।
