Himachal Pradesh

नेता प्रतिपक्ष जयराम ने उठाई मांग, सीबीआई जांच करवाए प्रदेश सरकार

Spread the love

विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि पावर कॉरपोरेशन के महा प्रबंधक विमल नेगी की दु:खद मृत्यु के बारे में आए दिन नए-नए खुलासे हो रहे हैं और प्रबंधन पर एक से बढक़र एक गंभीर आरोप लग रहे हैं। इसके बाद भी सरकार अपनी जिद पर अड़ी है और सीबीआई जांच से भाग रही है। उन्होंने बताया कि मीडिया के माध्यम से पता चला है कि विमल नेगी के परिजन इस पूरे मामले की सीबीआई जांच के लिए हाई कोर्ट का रुख करने वाले हैं। ऐसे में सरकार सीबीआई जांच से भाग कर किसे बचाना चाहती है और किसके भ्रष्टाचार पर पर्दा डालना चाहती है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री ने सदन में कहा था कि परिवार को सरकार की जांच पर भरोसा है।
अगर परिजनों को सरकार की जांच पर भरोसा है, तो उनके द्वारा सीबीआई जांच की मांग को लेकर न्यायालय जाने और कैंडल मार्च निकालने की बात क्यों सामने आ रही है? मुख्यमंत्री को सदन में दिए गए अपने बयान को भी स्पष्ट करना होगा। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि जिस तरह से पावर कॉरपोरेशन से जुड़े हुए लोगों ने पेखुबेला और शौंगटौंग करछम परियोजना को लेकर आरोप लगाए हैं, वह बहुत दु:खद और शर्मनाक है। आज तक प्रदेश में इस तरीके के भ्रष्टाचार के आरोप कभी किसी नेता और अधिकारी पर नहीं लगे। इसके बाद भी सरकार इस मामले की निष्पक्षता से जांच करने के बजाय पूरे प्रकरण पर पर्दा डाल रही है। प्रदेश के लोग यह जानना चाहते हैं कि मुख्यमंत्री आखिर क्यों सीबीआई की जांच से भाग रहे हैं।