Himachal Pradesh

CM सुक्खू की भाजपा को नसीहत, ईडी के छापे डलवा सकते हैं तो CBI जांच भी करवा ले भाजपा

Spread the love

विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे

सरकार को अपनी जांच पर विश्वास, विमल नेगी के परिजनों को मिलेगा न्याय

राजनीतिक रोटियां सेंक रही है भाजपा

मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने भारतीय जनता पार्टी के नेताओं को स्व.विमल नेगी के मामले में कड़ी फटकार लगाई है। उन्होंने कहा कि भाजपा इस तरह के मामलों में भी राजनीतिक रोटियां सेंकने का काम करती है जबकि यह संवेदनाओं से जुड़ा मामला है। शिमला में एक शिलान्यास के मौके पर मीडिया से अनौपचारिक बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि स्व. विमल नेगी की मृत्यु संबंधी मामले पर भाजपा पर इस मुद्दे का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसी भी तरह की जांच के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि जब भाजपा प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के छापे नादौन में डलवा सकती है तो वह सीबीआई की जांच भी करवा सकती है। अगर भाजपा चाहती है तो खुद इस तरह की जांच करवा ले क्योंकि सरकार को अपनी जांच पर पूरा विश्वास है लिहाजा वह जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार निष्पक्ष और पारदर्शी जांच के लिए प्रतिबद्ध है और स्व.विमल नेगी के परिजनों को पूरी तरह से न्याय दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि सरकार इस मामले के प्रति संवेदनशील और गंभीर रूख अपना कर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सभी विमल नेगी की मृत्यु के पीछे की सच्चाई जानना चाहते हैं। विमल नेगी की पत्नी ने भी मुझसे भेंट की है और हम शोक संतप्त परिवार के साथ पूरी सहानुभूति और एकजुटता के साथ खड़े हैं। सीएम ने कहा कि सरकार यहां पर दो तरह की जांच करवा रही है। पुलिस अपनी जांच कर रही है और अधिकारी अपने स्तर पर जांच कर रहे हैं। पारदर्शिता के साथ न्याय मिलेगा लेकिन भाजपा इसमें राजनीति कर रही है जिसे जनता भी समझ रही है।

अहमदाबाद में कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन को लेकर पूछे सवाल पर सीएम ने कहा कि यह एआईसीसी का रूटीन मैटर है। एआईसीसी समय-समय पर अधिवेशन करती रहती है और वहां पर कांग्रेस की आंतरिक रणनीति बनती है। वह भी एआईसीसी के सदस्य है इसलिए उस बैठक में शामिल होने के लिए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि बहुत जल्द कांग्रेस का मजबूत संगठन यहां पर तैयार होगा और पदाधिकारियों की सूची जारी की जाएगी।