Bilaspur News: रेल टनल का बंद करवाया काम
बध्यात-नोग गांव के प्रभावितों ने कंपनी के खिलाफ खोला मोर्चा
लगातार हो रही ब्लास्टिंग से घरों में दरारें
विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे
बिलासपुर शहर के साथ लगती ग्राम पंचायत बामटा के बध्यात व नोग के रेलवे प्रोजेक्ट के गुस्साए प्रभावितों व विस्थापितों ने टनल का काम बंद करवाया है। बीते एक वर्ष से ब्लास्टिंग से तबाह हो रहे घरों का मुआवजा नहीं देने के विरोध में सुरंग का काम रोक दिया है। विस्थापितों और प्रभावितों ने स्पष्ट कहा है कि जिला प्रशासन व रेलवे कंपनी ने जब तक उन्हें मुआवजा प्रदान नहीं किया, तब काम शुरू नहीं करने दिया जाएगा। रेलवे विस्थापित एवं प्रभावितों ने दूसरे दिन सोमवार को भी टनल का काम शुरू नहीं होने दिया।
लोगों की समस्या को लेकर एसडीएम सदर अभिषेक गर्ग भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने लोगों को आश्वासन दिया कि जल्द ही लोगों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा। लेकिन लोगों ने स्पष्ट कहा है कि जब तक प्रशासन, कंपनी प्रबंधन उन्हें लिखित तौर पर नहीं देता है तब तक वह लोग टनल का काम शुरू नहीं होने देंगे।
मुआवजा न मिलने से गुस्साए ग्रामीण
ग्राम पंचायत बामटा के प्रधान विक्रम ठाकुर ने स्थिति का जायजा लिया व प्रभावितों का पक्ष जाना। ग्राम पंचायत बामटा के प्रधान विक्रम ठाकुर ने कहा कि रेलवे प्रोजेक्ट प्रभावितों ने ब्लास्टिंग से तबाह हो रहे घरों का मुआवजा नहीं देने के विरोध में सुरंग का काम बंद कर दिया है।
15 परिवारों के घरों को नुकसान
रेलवे प्रोजेक्ट प्रभावित कौशल्या, सुरेंद्र, राम लाल, सुरत सिंह, सुनील, रजनी व उर्मिला सहित अन्य ने बताया कि रेलवे सुरंग निर्माण करने वाली कंपनी द्वारा गत वर्ष सुरंग के लिए ब्लास्टिंग करने से उनके घरों की दीवारों में बड़ी दरारें आनी शुरू हो गई थी। उस समय रेलवे सुरंग निर्माण करने वाली कंपनी व प्रशासन ने उन्हें प्रभावित घरों का उचित मुआवजा देेने का वादा किया था, लेकिन एक वर्ष बीत जाने के बाद भी उन्हें न तो मुआवजा दिया गया और न ही उनका हाल जानने का प्रयास किया। बध्यात व नोग गांव के 15 परिवारों के घरों को नुकसान पहुंचा है।
